दिल्ली में घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान शुरू: निवासियों का पता लगाना चुनौतीपूर्ण

दिल्ली में घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान शुरू: निवासियों का पता लगाना चुनौतीपूर्ण

दिल्ली में घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान शुरू: निवासियों का पता लगाना चुनौतीपूर्ण
Modified Date: June 30, 2026 / 07:50 pm IST
Published Date: June 30, 2026 7:50 pm IST

नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) दिल्ली में मंगलवार से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान शुरू होते ही बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) विभिन्न इलाकों में घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करने में जुट गए।

अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में यह प्रक्रिया और अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती है, क्योंकि कई निवासियों का घर पर न मिलना तथा प्रत्येक परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करना बड़ी कठिनाई साबित हो रहा है।

निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों में 13,000 से अधिक बीएलओ ने घर-घर जाकर सत्यापन कार्य शुरू किया। यह अभियान 29 जुलाई तक जारी रहेगा।

गणना प्रपत्र वितरित करने में लगे बीएलओ महेंद्र कुमार ने बताया कि यह अभियान अब निर्णायक चरण में पहुंच गया है, जिसके तहत अधिकारी घर-घर जाकर गणना प्रपत्र सौंप रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘विशेष गहन पुनरीक्षण का निर्णायक चरण आज से शुरू हो गया है। हमें घर-घर जाकर वितरित करने के लिए गणना प्रपत्र दिए गए हैं।’’

उन्होंने बताया कि एसआईआर के पहले चरण के दौरान उन्होंने अपने मतदान केंद्र के अंतर्गत आने वाले पूरे क्षेत्र की जानकारी जुटाने का कार्य पूरा कर लिया था।

बाबरपुर विधानसभा क्षेत्र के सुभाष मोहल्ला में तैनात एक बीएलओ ने बताया कि यह अभियान सुबह लगभग 10 बजे शुरू हुआ और यह शारीरिक रूप से काफी मेहनत वाला कार्य है।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने आज सुबह करीब 10 बजे गणना प्रपत्रों का वितरण शुरू किया और यह काम काफी थकाऊ साबित हो रहा है। इस क्षेत्र में विभिन्न समुदायों के लोग रहते हैं और अधिकांश मकान स्थायी हैं, लेकिन सही पते की जानकारी हासिल करना अक्सर एक बड़ी चुनौती बन जाता है।’’

बीएलओ ने कहा, ‘‘कई मामलों में लोग घर पर नहीं मिलते हैं या बार-बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद कोई जवाब नहीं देते, जिसके कारण हमें बाद में दोबारा आना पड़ता है। यह अभियान का पहला ही दिन है, इसलिए हमें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में काम और अधिक चुनौतीपूर्ण होगा, क्योंकि हमारा प्रयास हर घर तक पहुंचकर सभी परिवारों को इस प्रक्रिया में शामिल करना है।’’

स्थानीय निवासियों ने बताया कि बीएलओ उन्हें प्रपत्रों को समझने और आवश्यक विवरण भरने में सहायता कर रहे हैं।

एक निवासी ने कहा, ‘‘बीएलओ ने हमें प्रपत्र की पूरी जानकारी दी और उसे भरने में मदद की। यदि आगे किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो, तो संबंधित अधिकारी से संपर्क करने के लिए हमें उनका मोबाइल नंबर भी दिया गया है।’’

दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, बीएलओ को निर्देश दिया गया है कि वे घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य सुबह और शाम के समय करें। साथ ही, शनिवार और रविवार को भी दौरे किए जाएं, क्योंकि इन दिनों में लोगों के घर पर मिलने की संभावना अधिक रहती है।

मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल भी अपने मतदान स्तरीय एजेंट (बीएलए) के माध्यम से इस अभियान में भाग ले रहे हैं। ये एजेंट मतदाताओं को प्रपत्र भरने और उन्हें जमा कराने में सहायता करेंगे।

दिल्ली में सात लोकसभा क्षेत्रों और 70 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 13,033 मतदान केंद्र स्थित हैं।

भाषा आशीष पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में