डीआरआई ने सीमा पार सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, 15 किलो तस्करी का सोना जब्त

डीआरआई ने सीमा पार सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, 15 किलो तस्करी का सोना जब्त

डीआरआई ने सीमा पार सोना तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया, 15 किलो तस्करी का सोना जब्त
Modified Date: June 30, 2026 / 09:18 pm IST
Published Date: June 30, 2026 9:18 pm IST

नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने सीमा पार सोना तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई के तहत 21.40 करोड़ रुपये मूल्य का 15 किलोग्राम विदेशी मूल का तस्करी का सोना जब्त किया गया है और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वित्त मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मंत्रालय ने बताया कि शुरुआती जांच में यह भी सामने आया कि तस्करी के लिए पैसा और सीमा पार पैसे भेजने के लिए क्रिप्टोकरेंसी का इस्तेमाल किया जा रहा था।

वित्त मंत्रालय ने बताया कि डीआरआई के अधिकारियों ने दिल्ली के कूरियर टर्मिनल पर थाईलैंड से लायी गयी एक अंतरराष्ट्रीय कूरियर खेप को पकड़ा। यह खेप एक ऐसी कंपनी के नाम पर थी, जिसका संबंध एक विदेशी नागरिक से जुड़ा बताया गया है।

‘वोर्न गियर’ (पुराने/घिसे हुए) के रूप में घोषित इस खेप की सूक्ष्मता से जांच करने पर, विदेशी मूल के सोने के डिस्क के आकार के आठ टुकड़े बरामद हुए, जिनमें से प्रत्येक का वजन 1.5 किलोग्राम था। इन्हें बेहद शातिर तरीके से छिपाया गया था। कुल मिलाकर, इस कूरियर से 12 किलोग्राम तस्करी का विदेशी मूल का सोना बरामद किया गया।

खेप पाने वाले व्यक्ति और कथित मास्टरमाइंड के ठिकानों पर एक साथ की गई छापेमारी में विदेशी मूल के सोने के डिस्क के आकार के दो और बिल्कुल वैसे ही टुकड़े बरामद हुए, जिनमें से प्रत्येक का वजन 1.5 किलोग्राम था।

मंत्रालय ने बताया कि इस मामले के संबंध में सरगना और एक विदेशी नागरिक सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किया गया सरगना आदतन अपराधी है।

भाषा तान्या नरेश

नरेश


लेखक के बारे में