गुजरात कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
गुजरात कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
अहमदाबाद, 28 सितंबर (भाषा) कांग्रेस की गुजरात इकाई के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार को तत्काल पद से हटाने की मांग को लेकर सोमवार को राज्य के कई शहरों में प्रदर्शन किया।
पार्टी ने कुमार पर सत्तारूढ़ भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए ‘‘वोट चोरी’’ में मदद करने का आरोप लगाया।
खेड़ा जिले के नडियाद में मार्च का नेतृत्व करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने स्वायत्त निर्वाचन आयोग को राजनीतिक हथियार में बदल दिया है। उन्होंने मतदाता सूची में कथित तौर पर अनधिकृत तरीके से किए गए बदलावों की पूरी जांच करने के साथ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी पूरे निर्वाचन आयोग को अपने नियंत्रण में लेने की कोशिश कर रही है। चावड़ा ने कुमार के कार्यकाल के दौरान लिए गए सभी फैसलों की समीक्षा करने और उन्हें हटाने की मांग की।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘देश के संविधान ने हम सभी भारतीयों को मतदान का अधिकार दिया है और यह हमारी सबसे बड़ी ताकत है लेकिन नरेन्द्र मोदी सरकार ने नागरिकों को उनके संवैधानिक अधिकार से वंचित करने के प्रयास में निर्वाचन आयोग जैसी स्वायत्त संस्था को अपनी कठपुतली बना दिया है।’’
‘इंडियन एक्सप्रेस’ की खबर में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े फैसलों और आदेशों को लेकर कई मौकों पर आपत्ति दर्ज किए जाने का दावा किया गया। इसके बाद से निर्वाचन आयोग और सीईसी की आलोचना हो रही है। विपक्षी दलों ने कुमार पर सत्तारूढ़ प्रतिष्ठान के पक्ष में एकतरफा फैसले लेने का आरोप लगाया है।
चावड़ा ने आरोप लगाया, ‘ पहले भी वोट चोरी और राजनीतिक चंदे के दुरुपयोग के मामले सामने आए हैं। यह सरकार चोरी के कई कृत्यों में शामिल रही है लेकिन अब निर्वाचन आयोग को ही अगुवा करने की तैयारियां चल रही हैं।’
भाषा
प्रचेता नरेश
नरेश

Facebook


