‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ मलयालम संस्करण से पूरी तरह अलग है : अजय देवगन

Ads

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ मलयालम संस्करण से पूरी तरह अलग है : अजय देवगन

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 05:30 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 05:30 PM IST

पणजी, नौ सितंबर (भाषा) अभिनेता अजय देवगन ने मंगलवार को कहा कि उनकी आगामी फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ की कहानी इसके मलयालम संस्करण से पूरी तरह अलग है और यह लोकप्रिय थ्रिलर फ्रेंचाइजी की आखिरी फिल्म होगी।

कहानी के हिंदी संस्करण में देवगन ने गोवा में केबल ऑपरेटर विजय सलगांवकर की भूमिका निभाई है, जो अपनी पत्नी नंदिनी और दो बेटियों के साथ शांतिपूर्ण जीवन जीता है। एक किशोर लड़के के लापता होने के बाद उसकी दुनिया पूरी तरह बदल जाती है और इस मामले में उसका परिवार मुख्य संदिग्ध बन जाता है।

तीसरे भाग का ट्रेलर गोवा की राजधानी में आयोजित एक कार्यक्रम में जारी किया गया।

अभिनेता ने पत्रकारों से कहा, “हम सभी ने सोचा कि यही इसका अंत होना चाहिए, क्योंकि मुझे नहीं लगता कि हमें इसके आगे कहानी ले जाने की कोशिश भी करनी चाहिए। क्योंकि अगर आप किसी चीज को उसके चरम पर खत्म करते हैं, तो इससे बेहतर कुछ नहीं हो सकता।”

उन्होंने कहा, “दूसरी फिल्म कुछ हद तक मूल (मलयालम) फिल्म से प्रेरित थी, लेकिन यह पूरी तरह अलग पटकथा है। उनकी ‘दृश्यम 3’ की कहानी भी पूरी तरह अलग है और हमारी फिल्म भी पूरी तरह अलग है। ऐसा नहीं है कि हमने इसमें बहुत सारे बदलाव किए हैं, बल्कि यह पूरी तरह एक अलग कहानी है।”

अभिनेता ने कहा कि फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्म ‘दृश्यम 2’ के बाद टीम यह सोचने पर मजबूर हो गई थी कि कहानी को आगे ले जाने की कोई गुंजाइश है भी या नहीं।

अभिनेता ने कहा कि निर्देशक अभिषेक पाठक ने आखिरकार एक ऐसा विचार पेश किया, जो पूरी टीम को पसंद आया। इसके बाद उन्होंने लेखकों के साथ मिलकर पटकथा पर ढाई साल तक काम किया।

हिंदी फ्रेंचाइजी की शुरुआत 2015 में निशिकांत कामत के निर्देशन में बनी फिल्म ‘दृश्यम’ से हुई थी। इसके बाद 2022 में इसका सीक्वल आया, जिसका निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया था।

स्टार स्टूडियो18 द्वारा प्रस्तुत और पैनोरमा स्टूडियो के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। इसकी पटकथा अभिषेक पाठक, आमिल कीयन खान और परवेज शेख ने लिखी है।

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का निर्माण आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक ने किया है। यह फिल्म दो अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा