दिल्ली में पांच लाख रु की लूट का नाटक रचने के आरोप में वाहन चालक गिरफ्तार, कार के बोनट से नकदी बरामद
दिल्ली में पांच लाख रु की लूट का नाटक रचने के आरोप में वाहन चालक गिरफ्तार, कार के बोनट से नकदी बरामद
नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) दिल्ली में मालिक द्वारा सौंपे गए पांच लाख रुपये हड़पने के लिए बंदूक की नोक पर लूट का नाटक रचने के आरोप में 42-वर्षीय एक वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि शिकायत मिलने के चार घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर लिया गया और कार के बोनट के नीचे छिपाई गई पूरी नकदी बरामद कर ली गई।
आरोपी की पहचान तिलक नगर निवासी गुरनाम सिंह उर्फ हैप्पी के रूप में हुई है। वह पिछले 10 वर्षों से कश्मीरी गेट स्थित एक स्पेयर पार्ट्स वर्कशॉप में वाहन चालक और सहायक के रूप में काम कर रहा था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि वह आर्थिक तंगी से गुजर रहा था और रुपये अपने पास रखने के लिए लूट की झूठी कहानी गढ़ने की योजना बनाई थी।’’
पुलिस के अनुसार, 10 जुलाई को केएनके मार्ग थाने में एक पीसीआर पर सूचना मिली कि रोहिणी स्थित द्वारकाधीश अपार्टमेंट के पास थार में सवार तीन अज्ञात लोगों ने बंदूक की नोक पर पांच लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया।
पुलिस मौके पर पहुंची और वहां शिकायतकर्ता से मुलाकात की, जिसने बताया कि उसके मालिक ने उसे कश्मीरी गेट स्थित वर्कशॉप से पांच लाख रुपये लेकर रोहिणी के सेक्टर-14 पहुंचाने के लिए कहा था।
अधिकारी ने बताया, ‘‘शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि रास्ते में थार में सवार तीन लोगों ने उसकी कार को रोक लिया। उसके अनुसार, उनमें से दो के पास पिस्तौल थी और वे उससे नकदी लूटकर फरार हो गए।’’
उसके बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। आरोप की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई।
अधिकारी ने बताया, ‘‘जांच के दौरान टीम ने शिकायतकर्ता से विस्तार से पूछताछ की और तकनीकी निगरानी की मदद से उसके पूरे मार्ग का सत्यापन किया। जांच में पता चला कि किसी भी स्थान पर न तो किसी थार ने उसकी कार का पीछा किया और न ही उसे रोका, जिससे उसके दावे गलत साबित हुए।’’
बार-बार पूछताछ किए जाने के बावजूद शिकायतकर्ता अपने बयान पर अड़ा रहा।
इस बीच पुलिस ने स्पेयर पार्ट्स वर्कशॉप के प्रतिनिधियों से नकदी के लेनदेन की पुष्टि की। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि शिकायतकर्ता को वास्तव में पांच लाख रुपये पहुंचाने के लिये दिए गए थे।
इसके बाद टीम ने शिकायतकर्ता की कार की गहन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बैटरी के पास बोनट के नीचे कपड़े का एक थैला बंधा मिला। थैला खोलने पर पुलिस ने उसमें से पूरे पांच लाख रुपये बरामद कर लिये।
वर्कशॉप के प्रतिनिधियों ने बरामद रकम की पहचान की।
साक्ष्यों का सामना कराने पर गुरनाम सिंह ने स्वीकार किया कि उसने पीसीआर पर सूचना देने से पहले नकदी को कार में छिपा दिया था, ताकि यह लगे कि उसके साथ लूट हुई है।
पुलिस के अनुसार, उसने यह भी कबूल किया कि सौंपी गई रकम हड़पने के इरादे से उसने पूरी घटना की झूठी कहानी गढ़ी थी।
पुलिस ने बताया कि खुलासे के बाद गुरनाम सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया और मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अन्य धाराएं भी जोड़ दी गई हैं।
पुलिस ने कहा कि पूरी रकम बरामद कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।
भाषा राखी सुरेश
सुरेश

Facebook


