चंडीगढ़, 21 जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को युवाओं से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील करते हुए पंजाब में नशे की समस्या पर चिंता जताई।
नवीन ने कहा कि यह ‘अभिशाप’ है, जिसे पूरी तरह से जड़ से खत्म करना आवश्यक है।
नवीन ने पंजाब के फगवाड़ा में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी द्वारा आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत की।
उन्होंने कहा कि वह पंजाब आकर स्वयं को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि यह ‘अभिशाप’ है, जिसे पूरी तरह से जड़ से खत्म करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैंने पंजाब के युवाओं से अपील की है कि यदि हमें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वास्तविक अर्थों में मनाना है, तो योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा और नशे के दुष्प्रभाव को पूरी तरह समाप्त करना होगा।’’
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पंजाब ने अपनी पहचान ‘‘कड़ी मेहनत और बलिदानों’’ के बल पर बनाई है।
इससे पहले, नवीन ने कार्यक्रम में योगाभ्यास किया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय ऋषियों द्वारा दुनिया को दिया गया एक अमूल्य उपहार है, जो शरीर और मन के संतुलन के साथ-साथ आध्यात्मिक शांति का मार्ग प्रशस्त करता है।
नवीन सोमवार तक पंजाब के तीन दिवसीय दौरे पर हैं। पार्टी के शीर्ष पद का कार्यभार संभालने के बाद यह उनका राज्य का पहला दौरा है।
यहां पहुंचने के बाद वह शनिवार को अमृतसर गए और स्वर्ण मंदिर में मत्था टेका, साथ ही महाराजा रणजीत सिंह का स्मरण करते हुए सिख सम्राट के सपनों के अनुरूप पंजाब के निर्माण का संकल्प लिया।
भाषा शोभना रंजन
रंजन