चंडीगढ़, 21 जून (भाषा) पंजाब, हरियाणा और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में रविवार को नेताओं ने योग दिवस कार्यक्रमों में भाग लिया और लोगों से योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की।
पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने चंडीगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में भाग लिया।
पंजाब के तीन दिवसीय दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में आयोजित कार्यक्रम में योगाभ्यास किया।
इस अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ, पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, राज्यसभा सदस्य अशोक मित्तल और विक्रमजीत सिंह साहनी भी उपस्थित रहे।
नवीन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि योग भारतीय ऋषियों द्वारा दुनिया को दिया गया एक अमूल्य उपहार है, जो शरीर और मन के संतुलन के साथ-साथ आध्यात्मिक शांति का मार्ग प्रशस्त करता है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित एक कार्यक्रम में योगाभ्यास किया, जबकि पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और बलबीर सिंह ने क्रमशः सुनाम और पटियाला में अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग लिया।
हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत से प्राप्त एक अमूल्य ज्ञान है, जिसने पूरे विश्व को स्वस्थ जीवन और आंतरिक संतुलन का मार्ग दिखाया है।
पंजाब के मंत्री और आम आदमी पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष ने सुनाम में लोगों से अपील की कि वे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं।
भाषा शोभना रंजन
रंजन