अरुणाचल प्रदेश में योग दिवस मनाया गया, खांडू ने इसके लाभ पर प्रकाश डाला

Ads

अरुणाचल प्रदेश में योग दिवस मनाया गया, खांडू ने इसके लाभ पर प्रकाश डाला

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 12:23 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 12:23 PM IST

ईटानगर, 21 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश में रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्यभर में विभिन्न योग सत्रों का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने कहा कि ‘योग हमें शक्ति, अनुशासन और स्वस्थ जीवन के सूत्र में जोड़ता है।’

तवांग जिले के जांग में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का नेतृत्व करते हुए खांडू ने स्कूली बच्चों, भारतीय सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ), सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के कर्मियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय लोगों के साथ सामूहिक योग सत्र में भाग लिया।

कार्यक्रम के बाद सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर उन्होंने कहा, ‘‘जांग में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर स्कूली बच्चों, भारतीय सेना, सीएपीएफ कर्मियों, बीआरओ, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों के साथ योग कर अद्भुत ऊर्जा का अनुभव हुआ। योग हमें शक्ति, अनुशासन और स्वस्थ जीवन के सूत्र में जोड़ता है।’’

मुख्यमंत्री ने योग को मानवता के लिए भारत की कालजयी देन बताते हुए कहा कि यह शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्पष्टता और आंतरिक शांति का मार्ग प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में योग एक वैश्विक जनआंदोलन के रूप में विकसित हुआ है और इसने दुनिया भर में लाखों लोगों को अधिक स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया है।

उपमुख्यमंत्री चाउना मीन ने यहां आयोजित योग सत्र में शिक्षा मंत्री पसांग दोरजी सोना और अन्य लोगों के साथ भाग लिया।

इस बीच, अरुणाचल प्रदेश विधानसभा ने भी विधानसभा परिसर में विशेष योग सत्र आयोजित करके अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया।

भाषा अमित रंजन

रंजन