रांची, 25 मई (भाषा) झारखंड के चतरा जिले में दो अलग-अलग अभियानों में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया और लगभग 1.10 करोड़ रुपये मूल्य की अफीम और अफीम की भूसी जब्त की गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लावालौंग पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत इचाहार गांव में एक वन क्षेत्र के पास मादक पदार्थ छिपाए गए हैं और इसी सूचना के आधार पर पहले अभियान में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया और 408 किलोग्राम अफीम की भूसी जब्त की।
चतरा पुलिस अधीक्षक (एसपी) अनिमेष नैथानी ने बताया, ‘‘गिरफ्तार आरोपी कैलाश गंजू को इस सिलसिले में पकड़ा गया, जबकि तीन अन्य फरार हो गए। जब्त किए गए प्रतिबंधित सामान का बाजार मूल्य लगभग 55 लाख रुपये है।’’
एक अन्य अभियान में पुलिस ने सिमरिया थाना क्षेत्र के भीतर दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया और सात किलोग्राम अफीम जब्त की। उन्हें बजराही गांव के पास मोटरसाइकिल पर मादक पदार्थों की ढुलाई करते समय पकड़ा गया।
अधिकारी ने बताया, ‘‘पूछताछ के दौरान उनसे मिली जानकारी के आधार पर, पुलिस ने लुतिदिह गांव में उनके घरों से 78 किलोग्राम अफीम की भूसी भी जब्त की। जब्त किए गए मादक पदार्थों का बाजार मूल्य 55 लाख रुपये है।’’
दोनों मामलों में स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और तीनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
भाषा तान्या सुरभि
सुरभि