नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में स्नातक दाखिले की प्रक्रिया अभी जारी है, लेकिन कॉलेज नए छात्रों के स्वागत की तैयारियों में जुट गए हैं। मंगलवार से विभिन्न कॉलेजों में ‘ओरिएंटेशन कार्यक्रम’ आयोजित किए जाएंगे।
अधिकतर कॉलेजों में मंगलवार को विभागवार ओरिएंटेशन सत्र होंगे जबकि इस सप्ताह के अंत में सामूहिक परिचय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दूसरे चरण की प्रवेश प्रक्रिया जारी रहने के कारण तब तक और छात्रों के जुड़ने की उम्मीद है।
किरोड़ीमल कॉलेज के प्राचार्य दिनेश खट्टर ने बताया कि विभागवार ओरिएंटेशन मंगलवार सुबह साढ़े नौ बजे शुरू होगा जिसमें लगभग 1,500 नव प्रवेशी छात्रों के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि एक अगस्त को शाम पांच बजे सामूहिक ओरिएंटेशन कार्यक्रम होगा, जिसमें उपराज्यपाल के शामिल होने की संभावना है। इस दौरान चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम (एफवाईयूपी) के पिछले बैच के 28 छात्रों को उनके शोध कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। इनमें सूचीबद्ध पत्रिकाओं में प्रकाशित 10 शोध पत्र भी शामिल हैं।
रामजस कॉलेज के प्राचार्य अजय कुमार अरोड़ा ने बताया कि विभागवार ओरिएंटेशन मंगलवार सुबह नौ बजे विभिन्न सत्रों में होगा, जबकि कॉलेज का सामूहिक परिचय कार्यक्रम ‘दीक्षारंभ-2026’ शुक्रवार को आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसमें 700 से 800 छात्रों के शामिल होने की उम्मीद है। कॉलेज में लगभग 1,500 से 1,600 सीटें हैं और प्रवेश प्रक्रिया अभी जारी है।
मिरांडा हाउस में ‘दीक्षारंभ-2026’ कार्यक्रम 24 जुलाई से शुरू होकर 28 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य नियमित कक्षाएं शुरू होने से पहले नए छात्रों को कॉलेज के वातावरण से परिचित कराना है।
कॉलेज के अनुसार, पहले दिन 350 से अधिक छात्र और उनके अभिभावक शामिल हुए थे, जबकि मंगलवार को होने वाले मुख्य ओरिएंटेशन में प्राचार्य छात्रों को संबोधित करेंगे।
शहीद भगत सिंह कॉलेज के प्राचार्य अरुण कुमार अत्री ने बताया कि मंगलवार को विभागवार और सामूहिक दोनों ओरिएंटेशन कार्यक्रम कॉलेज के मुक्ताकाश सभागार में आयोजित होंगे। सुबह का सत्र साढ़े दस बजे और सामूहिक कार्यक्रम शाम चार बजे होगा।
उन्होंने कहा कि 850 से 900 छात्रों के शामिल होने की संभावना है। कॉलेज की स्वीकृत क्षमता लगभग 1,150 सीटों की है, लेकिन अपग्रेडेशन और नए आवंटन के कारण प्रवेश प्रक्रिया अभी जारी है।
डीयू में ‘कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम’ (सीएसएएस) के तहत स्नातक प्रवेश का दूसरा चरण जारी है।
विश्वविद्यालय के अनुसार, दूसरे चरण में 24,814 अभ्यर्थियों को नए सीट आवंटन मिले हैं, जबकि 30,682 अभ्यर्थियों को उनकी वरीयता के अनुसार बेहतर कॉलेज या पाठ्यक्रम में अपग्रेड किया गया है।
दूसरे चरण में कुल 88,584 अभ्यर्थी सक्रिय हैं, जबकि पहले चरण के बाद सीट ‘फ्रीज’ कर चुके 15,265 अभ्यर्थियों ने अपना पूर्व आवंटन बरकरार रखा है।
विश्वविद्यालय ने दूसरे चरण के लिए संशोधित प्रवेश कार्यक्रम जारी करते हुए सीट स्वीकार करने की अंतिम तिथि 27 जुलाई रात 11:59 बजे तक बढ़ा दी है।
कॉलेज 28 जुलाई रात 11:59 बजे तक आवेदन का सत्यापन और अनुमोदन करेंगे, जबकि प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 29 जुलाई रात 11:59 बजे है।
विश्वविद्यालय ने छात्रों को सलाह दी है कि आवेदन स्वीकृत होते ही जल्द से जल्द शुल्क जमा कर दें, ताकि वे शैक्षणिक सत्र के पहले दिन से ही कक्षाओं में शामिल हो सकें।
पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया में विश्वविद्यालय ने 63,756 अभ्यर्थियों के दाखिले की पुष्टि की थी। पहले आवंटन में 67 कॉलेजों के 221 स्नातक पाठ्यक्रमों की 71,000 से अधिक सीटों के मुकाबले 93,033 अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित की गई थीं।
यह आवंटन सीएसएएस के दूसरे चरण में पाठ्यक्रम और कॉलेज की प्राथमिकताएं भरने वाले 2.08 लाख से अधिक अभ्यर्थियों में से किया गया था।
भाषा राखी नरेश
नरेश