गोरखपुर, 27 जुलाई (भाषा) गोरखपुर जिले के रामगढ़ ताल झील में दो ‘स्पीडबोट’ की टक्कर में 20 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि अब जिला प्रशासन ने सूर्यास्त के बाद नौकायन पर प्रतिबंध लगा दिया और घटना की जांच के आदेश दिए।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान पड़ोसी जिले कुशीनगर के 12वीं कक्षा के छात्र लखमुद्दीन के रूप में हुई है, जो रविवार को परिवार के सदस्यों और दोस्तों के साथ पर्यटन स्थल पर आया था।
पुलिस ने कहा कि लखमुद्दीन एक औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में प्रवेश लेने की तैयारी कर रहा था।
पुलिस के मुताबिक, कयामुद्दीन अंसारी (29) अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ रामगढ़ ताल पहुंचे थे। रात करीब आठ बजे समूह के सात सदस्यों ने प्लेटफार्म नंबर पांच से टिकट खरीदा और एक ‘स्पीडबोट’ में सवार हो गए, जबकि दो अन्य यात्री भी उनके साथ शामिल हो गए।
पुलिस के अनुसार नाव के रवाना होने के तुरंत बाद, यह कथित तौर पर प्लेटफॉर्म नंबर चार से आ रही एक अन्य ‘स्पीडबोट’ से टकरा गई, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई।
पुलिस के मुताबिक सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। अस्पताल में डॉक्टरों ने लखमुद्दीन को मृत घोषित कर दिया।
घायलों में अमीर हमजा (आठ) भी शामिल है, जिनके सिर में चोट लगी है। वह अपने पिता के साथ कुशीनगर से आया था।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने घटना की जांच के लिए गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए), पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों की तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की। समिति को तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट देने को कहा गया है।
मीना ने कहा कि जीडीए को अगले आदेश तक सूर्यास्त के बाद रामगढ़ ताल में नौका संचालन बंद करने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक (नगर) निमिष पाटिल ने कहा कि टक्कर में कोई भी नाव पलटी नहीं।
पाटिल ने कहा, ‘‘टक्कर के दौरान लखमुद्दीन के सिर पर घातक चोट लगी। एक नाव संचालक को हिरासत में लिया गया है, जबकि दूसरे का पता लगाने के लिए पुलिस टीम गठित की गई हैं।’’
पुलिस ने कहा कि अभिषेक साहनी (21) और अविनाश गौड़ (20) के रूप में पहचाने गए दो नाव संचालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा कानूनी कार्रवाई चल रही है।
भाषा सं जफर राजकुमार
राजकुमार