डीयू में छात्रों के लिए सुरक्षित और किफायती आवास को लेकर आपात बैठक की मांग

Ads

डीयू में छात्रों के लिए सुरक्षित और किफायती आवास को लेकर आपात बैठक की मांग

  •  
  • Publish Date - September 9, 2026 / 07:34 PM IST,
    Updated On - September 9, 2026 / 07:34 PM IST

नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की कार्यकारी परिषद के एक सदस्य ने सत्य निकेतन में ‘पेइंग गेस्ट’ (पीजी) आवास के ढहने की घटना के बाद छात्रों के लिए सुरक्षित और किफायती आवास की जरूरत पर चर्चा के लिए परिषद की आपात बैठक बुलाने की मांग की है।

कार्यकारी परिषद सदस्य मिथुराज धुसिया ने कुलपति योगेश सिंह को लिखे पत्र में कहा कि पांच मंजिला रिहायशी इमारत (जिसमें छात्र पेइंग गेस्ट के तौर पर रहते थे) के ढहने से छात्रों के रहने के लिए सुरक्षित, किफायती और सम्मानजनक व्यवस्था सुनिश्चित करने में अधिकारियों की नाकामी उजागर हो गई है।

धुसिया ने कुलपति से कार्यकारी परिषद की आपात बैठक बुलाकर भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा का आग्रह किया।

उन्होंने पत्र में कहा, ‘दिल्ली विश्वविद्यालय को अपने संबद्ध कॉलेजों के साथ मिलकर दिल्ली में विभिन्न स्थानों पर बड़ी संख्या में सुरक्षित, किफायती और सम्मानजनक आवास सुविधाओं (जिसमें छात्रावास भी शामिल हैं) की मजबूत व्यवस्था तैयार करनी चाहिए।’

इस बीच, ‘नेशनल डेमोक्रेटिक टीचर्स फ्रंट’ (एनडीटीएफ) ने कहा कि इस घटना ने दिल्ली में निजी तौर पर संचालित कई छात्रावासों और पीजी आवासों में ढांचागत तथा अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा कर दी हैं।

संगठन ने कहा कि ऐसी कई आवासीय सुविधाएं बेहद संकरी गलियों में स्थित हैं, जिससे आपात स्थिति के दौरान राहत और बचाव कार्य मुश्किल हो जाता है।

ये मांगें दिल्ली विश्वविद्यालय के ‘साउथ कैंपस’ के पास सत्य निकेतन में बहुमंजिला इमारत ढहने की घटना के बाद उठी हैं, जिसने क्षेत्र में छात्रों के लिए निजी तौर पर संचालित आवास सुविधाओं की सुरक्षा को लेकर चिंताएं फिर से बढ़ा दी हैं।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश