दुर्गा की टांग टूटी; अब देवी जाएगी पटना

Ads

दुर्गा की टांग टूटी; अब देवी जाएगी पटना

  •  
  • Publish Date - March 5, 2026 / 08:46 PM IST,
    Updated On - March 5, 2026 / 08:46 PM IST

नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) दिल्ली के राष्ट्रीय चिड़ियाघर में पशु विनिमय कार्यक्रम के तहत पटना चिड़ियाघर भेजी जा रही एक सफेद बाघिन की कथित लापरवाही के कारण टांग टूट गई और अब उसे नहीं भेजा जाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि दो वर्षीय दुर्गा की जगह उसकी बहन देवी पटना जाएगी। चिड़ियाघर के निदेशक संजीव कुमार ने लापरवाही के आरोपों का खंडन किया।

अधिकारी ने बताया कि दुर्गा को दो मार्च की शाम को बाड़े के अंदर चोट लगी थी।

कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “उसका इलाज चल रहा है और पशु चिकित्सा दल उसकी बारीकी से निगरानी कर रहा है।”

दुर्गा व देवी का जन्म मार्च 2024 में हुआ था और वह सफेद बाघिन सीता और विजय की संतान है।

अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय चिड़ियाघर में वर्तमान में छह सफेद बाघ हैं, जिनमें चार मादा और दो नर शामिल हैं।

चिड़ियाघर में ही एक नीलगाय की मंगलवार को अस्पष्ट परिस्थितियों में मौत हो गई।

अधिकारी ने बताया, “नीलगाय की अचानक मौत हो गई और मौत का सटीक कारण आवश्यक जांच और आंतरिक प्रक्रियाओं के बाद ही पता चलेगा।”

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश

ताजा खबर