कोच्चि, 29 जून (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) के संयुक्त प्रबंध निदेशक शरण एस. कार्था से कंपनी और एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के बीच कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़े धनशोधन मामले में सोमवार को फिर से पूछताछ की।
एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा टी के स्वामित्व वाली कंपनी है।
अधिकारियों के अनुसार, शरण एस. कार्था सोमवार सुबह लगभग 10:15 बजे कोच्चि स्थित ईडी कार्यालय पहुंचे।
अधिकारियों ने बताया कि सीएमआरएल के संस्थापक शशिधरन कार्था के बेटे शरण एस. कार्था से ईडी की यह दूसरी बार पूछताछ है। इससे पहले उनसे 16 जून को पूछताछ की गई थी।
ईडी इस मामले में शरण एस. कार्था की पत्नी और बेटी से भी पूछताछ कर चुकी है।
वहीं, वीणा टी से भी इसी महीने ईडी ने दो बार पूछताछ की है।
ईडी की जांच उन आरोपों से जुड़ी है, जिनके अनुसार सीएमआरएल ने एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड को बिना कोई सेवा प्राप्त किए 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया।
एजेंसी का यह भी आरोप है कि शशिधरन कार्था द्वारा संचालित ‘एम्पावर इंडिया कैपिटल इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड’ ने एक्सालॉजिक को 50 लाख रुपये का ऋण भी दिया, जबकि कंपनी कथित तौर पर समय पर ऋण चुकाने में विफल रही थी।
ईडी का आरोप है कि इन वित्तीय लेन-देन के जरिए सीएमआरएल के प्रबंधन और वीणा टी. ने ‘अपराध से आय अर्जित’ की।
ईडी ने धनशोधन निवारण अधिनियम के तहत यह मामला गंभीर कपट जांच कार्यालय द्वारा अप्रैल 2025 में एर्नाकुलम की अदालत में दायर अभियोजन शिकायत के आधार पर दर्ज किया।
भाषा शोभना वैभव
वैभव