ईडी ने ‘वर्क-फ़्रॉम-होम घोटाला’ मामले में छापेमारी की
ईडी ने ‘वर्क-फ़्रॉम-होम घोटाला' मामले में छापेमारी की
नयी दिल्ली, 13 जुलाई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने फर्जी ऑनलाइन निवेश और ‘वर्क-फ्रॉम-होम’ घोटाले से जुड़ी धनशोधन जांच के तहत दो राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में छापेमारी की।
अधिकारियों ने बताया कि 10-11 जुलाई को तमिलनाडु में 16 जगहों पर, केरल में दो जगहों पर और जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में एक जगह पर छापेमारी की गई।
एजेंसी ने एक बयान में कहा कि अभियान के दौरान 3.35 करोड़ रुपये की क्रिप्टोकरंसी और 14.50 लाख रुपये नकद ज़ब्त किए गए।
इसमें कहा गया कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत 40 लाख रुपये वाले कई बैंक खातों पर रोक लगा दी गई।
धन शोधन का यह मामला तमिलनाडु पुलिस और तेलंगाना पुलिस द्वारा क्रमशः 2025 और 2022 में दर्ज की गईं दो प्राथमिकियों से जुड़ा है। ये प्राथमिकियां ‘‘फर्जी निवेश’’ और ‘‘वर्क-फ्रॉम-होम’’ घोटाले से जुड़ी साइबर धोखाधड़ी के संबंध में दर्ज की गई थीं।
ईडी ने कहा कि साइबर धोखाधड़ी करने वालों ने भोले-भाले लोगों को अच्छे लाभ और कमीशन का झूठा वादा करके पैसे निवेश करने के लिए उकसाया।
शिकायतकर्ताओं (पीड़ितों) ने 14.95 करोड़ रुपये की रकम आरोपियों के नियंत्रण वाले अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई। इसके बाद, क्रिप्टोकरंसी में बदलने से पहले इस रकम को तुरंत कई ‘म्यूल’ बैंक खातों और मुखौटा कंपनियों के ज़रिए इधर-उधर किया गया।
भाषा नेत्रपाल दिलीप
दिलीप

Facebook


