ईडी ने अरुणाचल प्रदेश-असम शराब तस्करी मामले में आरोपपत्र दाखिल किया

ईडी ने अरुणाचल प्रदेश-असम शराब तस्करी मामले में आरोपपत्र दाखिल किया

ईडी ने अरुणाचल प्रदेश-असम शराब तस्करी मामले में आरोपपत्र दाखिल किया
Modified Date: July 29, 2026 / 07:50 pm IST
Published Date: July 29, 2026 7:50 pm IST

नयी दिल्ली/गुवाहाटी, 29 जुलाई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कहा कि उसने अरुणाचल प्रदेश-असम शराब तस्करी मामले में आरोपपत्र दाखिल किया है। संबंधित गिरोह अरुणाचल प्रदेश के स्थानीय निवासियों को मिले लाइसेंस के तहत बनी शराब की असम के इलाकों में तस्करी करता था।

केंद्रीय जांच एजेंसी ने एक बयान में कहा कि उसके गुवाहाटी क्षेत्रीय कार्यालय ने असम की राजधानी में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की एक विशेष अदालत में 19 लोगों/प्रतिष्ठानों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है।

धन शोधन का यह मामला असम पुलिस द्वारा पिछले कुछ वर्षों में अरुणाचल प्रदेश के साथ लगी 804 किलोमीटर लंबी सीमा पर स्थित अलग-अलग थानों में दर्ज की गई 173 प्राथमिकियों से जुड़ा है।

ईडी ने एक बयान में कहा, ‘‘जांच से एक बड़े और संगठित आपराधिक नेटवर्क का पता चला है, जो अरुणाचल प्रदेश से लाकर असम में शराब की बड़े पैमाने पर तस्करी में संलिप्त था।’’

इसने कहा, ‘‘तस्करी की गई शराब पर साफ तौर पर ‘अरुणाचल प्रदेश में बिक्री के लिए’ लिखा होता था, फिर भी इसे बिना वैध ट्रांजिट परमिट के ले जाया जाता था, ताकि असम में लगने वाले आबकारी शुल्क और मूल्य वर्धित कर (वैट) से बचा जा सके।’’

एजेंसी ने तीन मुख्य आरोपियों – संजय दीवान, नीरज शर्मा और राजन लोहिया के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है।

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में