उत्तर-पूर्वी दिल्ली में चाकू घोंपकर नाबालिग की हत्या
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में चाकू घोंपकर नाबालिग की हत्या
नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू कर्दमपुरी इलाके में 17-वर्षीय एक किशोर की कुछ युवकों ने कथित रूप से चाकू घोंपकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पीड़ित के परिवार के मुताबिक, मंगलवार शाम को आरोपियों ने लड़के को घर से बाहर बुलाया और जब वह मौके पर पहुंचा तो उसे कथित रूप से चाकू से गोद दिया गया।
स्थानीय लोगों ने उसे (नाबालिग को) आजाद चौक के पास एक अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पीड़ित के पिता ऑटो रिक्शा चलाते हैं और वह अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसके परिवार में उसकी दो बहनें भी हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अधिकारी ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की पहचान करने एवं उन्हें पकड़ने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस ने कहा कि हत्या के मकसद की जांच की जा रही है।
भाषा नोमान सुरेश
सुरेश

Facebook


