नयी दिल्ली, एक अप्रैल (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को कोलकाता में एक कथित अपराधी और उससे जुड़े गिरोह के खिलाफ धन शोधन मामले की जांच के तहत छापेमारी अभियान के दौरान लगभग 1.2 करोड़ रुपये की नकदी जब्त की। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
सूत्रों ने बताया कि यह कार्रवाई बिस्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू के खिलाफ हत्या के प्रयास और जबरन वसूली के आरोप में दर्ज मुकदमे के तहत की जा रही है।
ईडी की यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल में दो चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले हुई।
राज्य में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है।
सूत्रों ने बताया कि एक ही स्थान से लगभग 1.2 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए और पूरी राशि में सिर्फ 500 रुपये के नोट हैं।
इसके अलावा, राजनीतिक संरक्षण प्राप्त पोद्दार के परिसर से एक देसी पिस्तौल भी जब्त की गई।
सूत्रों के अनुसार, बल्लीगंज क्षेत्र में पोद्दार के आवास और व्यावसायिक परिसरों के साथ-साथ बाबू सोना उर्फ राहुल दास, सन ग्रुप एवं जय कामदार के परिसरों सहित लगभग आठ ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की जा रही है।
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश