भुवनेश्वर, 19 अप्रैल (भाषा) ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के दौरे पर आए 10 एशियाई देशों के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य की समृद्ध संस्कृति, विरासत, हस्तशिल्प और प्रगति का अनुभव किया। उनकी यात्रा रविवार को संपन्न हुई।
अधिकारियों ने बताया कि भूटान, कंबोडिया, लाओस, मलेशिया, मंगोलिया, म्यांमा, नेपाल, सिंगापुर, थाईलैंड और वियतनाम के ट्रैवल ब्लॉगर, फूड और लाइफस्टाइल इन्फ्लुएंसर, वेलनेस ब्लॉगर, इतिहास प्रेमी और वृत्तचित्र फिल्म निर्माताओं का प्रतिनिधिमंडल 16 अप्रैल से 19 अप्रैल तक भुवनेश्वर की यात्रा पर था।
विदेश मंत्रालय द्वारा इस यात्रा की पहल की गई और ओडिशा के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सहयोग से यह मुकाम पर पहुंचा।
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक समूह ने खंडगिरि-उदयगिरि गुफाओं का दौरा किया, जिससे उन्हें प्राचीन कलिंग के इतिहास, जैन परंपराओं और शिलाखंडों को काटकर बनाई गई वास्तुकला की जानकारी मिली
बयान के मुताबिक विदेशी मेहमानों ने विश्व कौशल विकास केंद्र का भी दौरा किया, जहां उन्होंने आतिथ्य सत्कार, निर्माण और मेकाट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप आधुनिक कौशल विकास प्रशिक्षण का अवलोकन किया।
प्रतिनिधिमंडल ने पुरी जिले के रघुराजपुर विरासत हस्तशिल्प गांव का भी दौरा किया, जहां उन्होंने पट्टचित्र चित्रकला और ताड़ के पत्तों पर नक्काशी सहित पारंपरिक कलाओं का अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल को स्थानीय कारीगरों से बातचीत करने और कलाकृतियों और उनमें प्रयुक्त तकनीकों को सीखने का अनुभव भी प्राप्त हुआ।
सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर ने ओडिशा यात्रा के दौरान प्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर को भी देखा।
भाषा धीरज रंजन
रंजन