शिक्षा मंत्री प्रधान ने एआई गोलमेज सम्मेलन की अध्यक्षता की
शिक्षा मंत्री प्रधान ने एआई गोलमेज सम्मेलन की अध्यक्षता की
नयी दिल्ली, 11 फरवरी (भाषा) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बुधवार को शिक्षा क्षेत्र से जुड़े 10 भारतीय स्टार्टअप के संस्थापकों के साथ कृत्रिम मेधा (एआई) पर एक गोलमेज सम्मेलन की अध्यक्षता की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दिल्ली स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) में आयोजित गोलमेज सम्मेलन में नीति निर्माता, शिक्षाविद और उभरते प्रौद्योगिकी उद्यमी एक मंच पर आए ताकि इस बात पर चर्चा की जा सके कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के उद्देश्यों के अनुरूप भारत की शिक्षा प्रणाली को बदलने के लिए एआई का लाभ कैसे उठाया जा सकता है।
प्रधान ने कहा, ‘‘प्रौद्योगिकी सशक्तीकरण और समावेशन का एक शक्तिशाली साधन है, जो आशा और अवसर के बीच की खाई को पाटने में सक्षम है। 2047 तक ‘विकसित भारत’ के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने में एआई केंद्रीय भूमिका निभाएगी। शिक्षा प्रौद्योगिकी के प्रारंभिक चरणों में सीखने की सामग्री तक पहुंच बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित किया गया, लेकिन अगले चरण में सीखने के परिणामों में सुधार को प्राथमिकता देनी होगी।’’
इस गोलमेज सम्मेलन में शिक्षा क्षेत्र से जुड़े भारतीय स्टार्टअप की एक नयी पीढ़ी को प्रदर्शित किया गया, जो स्कूल स्तर, परीक्षा की तैयारी, कौशल विकास और भाषा सीखने के क्षेत्र में एआई-आधारित समाधान विकसित कर रहे हैं, जिसमें वंचित क्षेत्रों के छात्रों पर विशेष ध्यान दिया गया है।
भाषा शफीक नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


