बेंगलुरु, दो मार्च (भाषा) युद्धग्रस्त पश्चिम एशिया में कर्नाटक के 109 लोग फंसे हुए हैं। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के कार्यालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।
बयान के अनुसार, 100 लोग दुबई (संयुक्त अरब अमीरात) में फंसे हुए हैं, जबकि नौ लोग बहरीन में फंसे हुए हैं।
कर्नाटक के राजस्व मंत्री कृष्णा बायरे गौड़ा ने पत्रकारों से कहा कि राज्य सरकार खाड़ी देशों में फंसे लोगों को वापस लाने के प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि लोग पूछ रहे हैं कि क्या उनकी वापसी के लिए बचाव उड़ानें या विशेष उड़ानें आयोजित की जा रही हैं।
मंत्री ने कहा, ‘‘हमने इस मामले को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया है और उससे हस्तक्षेप का अनुरोध किया है। केंद्र सरकार ने हमें सूचित किया है कि चूंकि वहां हवाई यातायात फिलहाल प्रतिबंधित है, इसलिए अभी कोई भी उड़ान संचालित नहीं हो सकती। हालांकि, जैसे ही हवाई यातायात सामान्य हो जाएगा और उड़ानों को संचालन की अनुमति मिल जाएगी, तो केंद्र सरकार नागरिकों की वापसी के लिए विशेष उड़ानों या नियमित एयरलाइन सेवाओं की व्यवस्था करेगी।’’
गौड़ा के अनुसार, खाड़ी क्षेत्र में फंसे 109 लोगों ने हेल्पलाइन पर अपने बारे में जानकारी साझा की है।
मंत्री ने कहा कि सरकार वहां फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए भारत सरकार, विशेष रूप से विदेश मंत्रालय के साथ नियमित संपर्क में है।
भाषा गोला नेत्रपाल
नेत्रपाल