नयी दिल्ली, आठ अगस्त (भाषा) दिल्ली के देवली इलाके में भारी बारिश के दौरान एक निजी पार्किंग स्थल की दीवार अचानक ढह गई, जिससे वहां खड़े आठ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार शाम करीब पांच बजे दक्षिणी दिल्ली की नई बस्ती में हुई।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के एक अधिकारी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि दीवार ढहने के बाद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और जहां उन्होंने कई वाहनों को मलबे के नीचे दबा हुआ पाया।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, इलाके में सीवर पाइपलाइन का काम चल रहा था। उनका कहना है कि भारी बारिश के बीच चल रहे इस काम के कारण ढांचे के आसपास की जमीन कमजोर हो गई होगी। हालांकि, ढांचा गिरने की सही वजह अभी पता नहीं चल सकी है।
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश होने से कई इलाकों में जलभराव हो गया तथा राष्ट्रीय राजधानी में दीवारों और मकानों के गिरने की कई शिकायतें मिलीं।
अधिकारियों ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों का आकलन किया जा रहा है और मौके से मलबा हटाया जा रहा है।
भाषा प्रचेता माधव
माधव