किसानों के मार्च के मद्देनजर पंजाब-हरियाणा सीमाओं पर व्यापक प्रबंध

Ads

किसानों के मार्च के मद्देनजर पंजाब-हरियाणा सीमाओं पर व्यापक प्रबंध

  •  
  • Publish Date - February 10, 2024 / 09:56 PM IST,
    Updated On - February 10, 2024 / 09:56 PM IST

चंडीगढ़, 10 फरवरी (भाषा) किसानों के 13 फरवरी को प्रस्तावित दिल्ली चलो मार्च से पहले अंबाला, जींद और फतेहाबाद जिलों में पंजाब-हरियाणा सीमाओं को सील करने के लिए विस्तृत व्यवस्था की जा रही है।

हरियाणा पुलिस ने शनिवार को एक यातायात परामर्श जारी कर हरियाणा से पंजाब तक प्रमुख मार्गों पर संभावित यातायात व्यवधान की आशंका को देखते हुए यात्रियों से 13 फरवरी को अति आवश्यक होने पर ही राज्य की सड़कों पर यात्रा करने का आग्रह किया।

हरियाणा सरकार ने किसानों के प्रस्तावित दिल्ली मार्च से पहले सात जिलों – अंबाला, कुरूक्षेत्र, कैथल, जींद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं और एक साथ कई एसएमएस (संदेश) भेजने पर पाबंदी लगाने का आदेश भी दिया है।

इस बीच, हरियाणा के पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने पुलिस महानिरीक्षक (अंबाला रेंज) सिवास कविराज और अंबाला के पुलिस अधीक्षक जशनदीप सिंह के साथ किसानों के प्रस्तावित मार्च के मद्देनजर शनिवार को व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अंबाला के पास शंभू सीमा का दौरा किया।

संयुक्त किसान मोर्चा (अराजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा ने फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के संबंध में कानून बनाने समेत विभिन्न मांगों को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव डालने के लिए 13 फरवरी को 200 से अधिक किसान यूनियनों के समर्थन से ‘दिल्ली चलो’ मार्च की घोषणा की है।

हरियाणा पुलिस के यातायात परामर्श में आम लोगों से अपील की गई है कि वे केवल अत्यावश्यक परिस्थितियों में ही पंजाब की यात्रा करें।

भाषा

जोहेब पवनेश

पवनेश