वृद्ध महिला की मुख्यमंत्री मान से अपील: चार बेटे गंवा चुकी हूं, पांचवां बिस्तर पर है, उसे बचा लो
वृद्ध महिला की मुख्यमंत्री मान से अपील: चार बेटे गंवा चुकी हूं, पांचवां बिस्तर पर है, उसे बचा लो
कपूरथला (पंजाब), छह अप्रैल (भाषा) पंजाब के सुल्तानपुर लोधी के एक बुजुर्ग दंपति ने दावा किया है कि नशे की वजह से उनके चार बेटों की मौत हो चुकी है, जबकि उनका पांचवां और आखिरी जीवित बेटा भी यकृत के गंभीर संक्रमण के कारण बिस्तर पर पड़ा है।
पति-पत्नी ने मीडिया के माध्यम से मुख्यमंत्री भगवंत मान से उसे बचाने की भावुक अपील की है।
मनजीत कौर ने बिस्तर पर पड़े अपने बेटे को पत्रकारों को दिखाते हुए कहा, ‘‘मैं पांच बेटों की मां हूं। चार की मौत नशे की वजह से हो चुकी है।”
उन्होंने हाथ जोड़कर कहा, “अगर यह भी मर गया, तो मैं इसके बच्चों को कहां ले जाऊंगी?”
प्रभावित परिवार के सदस्यों ने कहा कि सोनू (32) दो साल के बेटे और छह महीने की बेटी का पिता है एवं गंभीर यकृत संक्रमण से पीड़ित है।
उन्होंने कहा कि वह बोलने या खाने में असमर्थ है।
परिवार के एक सदस्य ने कहा, ‘‘ उसका यकृत पूरी तरह से खराब हो चुका है। वह कुछ भी नहीं खाता है।’’
सोनू के पिता जोगिंदरपाल सिंह ने सरकार ने इस क्षेत्र को मादक पदार्थ की बुराई से निजात दिलाने की अपील की।
सुल्तानपुर लोधी के पंडोरी मोहल्ले में कई महिलाएं इकट्ठा हुईं और उन्होंने राज्य सरकार से यहां आसानी से उपलब्ध ‘चिट्टा’ (एक तरह का नशा) के खिलाफ कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इलाके के कई युवा इसके आदी हो चुके हैं।
मनजीत कौर ने कहा, “मैं मुख्यमंत्री भगवंत मान से हाथ जोड़कर विनती करती हूं कि हमारी मदद करें। हमारे पांचवें बेटे को बचाएं।”
उन्होंने बताया कि परिवार ने अपने सबसे बड़े बेटे के इलाज पर सात लाख रुपये खर्च किए, लेकिन वह बच नहीं सका।
उन्होंने कहा कि नशे की लत के कारण तीन महीने बाद, उनके दूसरे बेटे की भी मृत्यु हो गई और कुछ वर्षों बाद उनके दो अन्य बेटों की भी जान चल गयी।
कौर ने आंखों में आंसू लिए कहा, ‘‘हमारे इलाके से ‘चिट्टा’ (नशीली दवा) खत्म होनी चाहिए। पुलिस को उन जगहों की जांच करनी चाहिए जहां नशीली दवाएं बेची जाती हैं।’’
वहां मौजूद एक अन्य महिला ने एक बुजुर्ग महिला की ओर इशारा करते हुए कहा कि उनका बेटा भी नशे का आदी है। उसने दावा किया कि पिछले कुछ वर्षों में कई युवाओं की नशे के कारण मौत हो चुकी है।
भाषा राजकुमार माधव
माधव

Facebook


