यातायात नियम तोड़ने वाले को बुजुर्ग महिला ने रोका, एमवीडी ने किया सम्मानित

Ads

यातायात नियम तोड़ने वाले को बुजुर्ग महिला ने रोका, एमवीडी ने किया सम्मानित

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 03:07 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 03:07 PM IST

कोझिकोड (केरल), 14 फरवरी (भाषा) केरल के मोटर वाहन विभाग (एमवीडी) ने शनिवार को 73 वर्षीय एक महिला को सम्मानित किया। बुर्जुग महिला ने एरान्हीपालम बाईपास के पास हाल ही में यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर एक स्कूटर सवार का डटकर विरोध किया था।

प्रभावती अम्मा ने फुटपाथ पर दुपहिया वाहन चलाने वाले एक स्कूटर सवार के सामने डटी रहीं और उसे सड़क पर वापस जाने के लिए मजबूर कर दिया।

उन्होंने यह दिखा दिया कि गलत काम के खिलाफ खड़े होने में उम्र कोई बाधा नहीं है।

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद महिला को व्यापक प्रशंसा मिली तथा केरल मोटर वाहन विभाग ने भी उनकी सराहना की।

इसके बाद एमवीडी के अधिकारी उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें पारंपरिक शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

घटना की जानकारी देते हुए प्रभावती ने बताया कि जब वह एक दुकान पर जा रही थीं तभी उन्होंने देखा कि एक स्कूटर सवार फुटपाथ पर उनकी ओर आ रहा है।

उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ को बताया, ‘उसने मुझे रास्ता देने के लिए कहा और मैंने पूछा कि मैं कहां जाऊं? क्या मुझे सड़क पर चलना चाहिए? मैंने उससे कहा कि फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए है और सड़क दुपहिया वाहनों के लिए।’

उन्होंने बताया, ‘इसके बाद उसने मुझसे पूछा कि क्या मैं उसे कानून सिखा रही हूं।’

अधिकारियों ने कहा कि घटना के बाद उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने के लिए स्कूटर सवार का ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।

भाषा

प्रचेता प्रशांत

प्रशांत

प्रशांत