निर्वाचन आयोग ने कविता की पार्टी का आधिकारिक नाम तेलंगाना रक्षण सेना रखने को मंजूरी दी

Ads

निर्वाचन आयोग ने कविता की पार्टी का आधिकारिक नाम तेलंगाना रक्षण सेना रखने को मंजूरी दी

  •  
  • Publish Date - April 30, 2026 / 06:55 PM IST,
    Updated On - April 30, 2026 / 06:55 PM IST

हैदराबाद, 30 अप्रैल (भाषा) निर्वाचन आयोग ने के. कविता की नयी राजनीतिक पार्टी के लिए ‘तेलंगाना रक्षण सेना’ नाम को मंजूरी दे दी है।

आयोग ने उसे भेजे गए पांच नामों में से ‘तेलंगाना रक्षण सेना’ पर मुहर लगाई।

तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी कविता ने 25 अप्रैल को ‘तेलंगाना राष्ट्र सेना’ (टीआरएस) के नाम से पार्टी बनाने की घोषणा की थी।

कविता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “तेलंगाना रक्षण सेना (टीआरएस) यही नाम तय हुआ है। हम तेलंगाना के लोगों की सेवा और सुरक्षा के लिए लगातार काम करेंगे, जैसा कि हम पिछले दो दशकों से तेलंगाना जागृति के रूप में करते आए हैं।”

कविता ने बताया कि उन्हें पार्टी के नाम को लेकर निर्वाचन आयोग से निजी तौर पर स्वीकृति पत्र मिला है।

उन्होंने आयोग का आभार जताते हुए कहा कि उनकी पार्टी सभी नियमों और दिशानिर्देशों का पालन करेगी।

कविता ने कहा, “जनवरी 2026 में, निर्धारित प्रक्रिया के तहत हमने पांच नामों के विकल्प दिए थे, और निर्वाचन आयोग ने हमारे तीसरे विकल्प यानी तेलंगाना रक्षण सेना को मंजूरी दी है।”

शहर के बाहरी इलाके में आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी का नाम और एजेंडा घोषित करते हुए कविता ने सत्तारूढ़ कांग्रेस, भाजपा और भारत राष्ट्र समिति पर तीखा हमला बोला।

उन्होंने अपने पिता को “परिवर्तित इंसान” करार देते हुए कहा कि वह “संवेदनहीन” हो गए हैं।

गौरतलब है कि भारत राष्ट्र समति का पुराना नाम ‘तेलंगाना राष्ट्र समिति’ (टीआरएस) था, जो 2022 में राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार की योजना के तहत बदलकर बीआरएस कर दिया गया था।

(भाषा) जोहेब पवनेश

पवनेश