चुनाव तैयारियों के आकलन के लिए तमिलनाडु और पुडुचेरी का दौरा करेगा निर्वाचन आयोग का दल

चुनाव तैयारियों के आकलन के लिए तमिलनाडु और पुडुचेरी का दौरा करेगा निर्वाचन आयोग का दल

चुनाव तैयारियों के आकलन के लिए तमिलनाडु और पुडुचेरी का दौरा करेगा निर्वाचन आयोग का दल
Modified Date: February 20, 2026 / 02:24 pm IST
Published Date: February 20, 2026 2:24 pm IST

नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग का एक दल चुनाव तैयारियों का आकलन करने के लिए 25 से 27 फरवरी तक तमिलनाडु और पुडुचेरी का दौरा करेगा।

अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

तमिलनाडु और पुडुचेरी के अलावा, असम, केरल और पश्चिम बंगाल में अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव संभावित हैं।

चुनाव तैयारियों का आकलन करने के लिए निर्वाचन आयोग के शीर्ष अधिकारियों ने इस सप्ताह असम का दौरा किया था। ज्ञानेश कुमार ने गुवाहाटी में संवाददाताओं से कहा था कि निर्वाचन आयोग 14 अप्रैल को पड़ने वाले बिहू त्योहार को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर राज्य के लिए चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप देगा।

चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करने से पहले निर्वाचन आयोग का उन राज्यों का दौरा करना आम बात है जहां चुनाव होने हैं।

इन पांचों राज्यों की विधानसभाओं का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तारीखों पर खत्म हो रहा है।

पुडुचेरी विधानसभा का पांच साल का कार्यकाल 15 जून को समाप्त हो रहा है, वहीं असम, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल विधानसभाओं का कार्यकाल क्रमशः 20, 23, 10 और सात मई को समाप्त हो रहा है।

पिछली बार पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव आठ चरणों में हुए थे, जो अब तक के अधिकतम चरण हैं। असम में दो चरणों में और तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक चरण में चुनाव हुए थे।

चुनावी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पुडुचरी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद 14 फरवरी को अपनी अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने वाला पहला राज्य था।

पश्चिम बंगाल की अंतिम मतदाता सूची 28 फरवरी को प्रकाशित की जाएगी।

असम में विशेष गहन पुनरीक्षण किया गया था और वहां अंतिम सूची 10 फरवरी को प्रकाशित की गई।

भाषा हक हक मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में