नाटकीय घटनाक्रम के बाद एमसीडी स्थायी समिति की सीट का चुनाव स्थगित

Ads

नाटकीय घटनाक्रम के बाद एमसीडी स्थायी समिति की सीट का चुनाव स्थगित

  •  
  • Publish Date - September 27, 2024 / 12:30 AM IST,
    Updated On - September 27, 2024 / 12:30 AM IST

नयी दिल्ली, 26 (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) की स्थायी समिति की छठी सीट के लिए चुनाव बृहस्पतिवार को पूरे दिन उठापटक की स्थिति के बाद स्थगित कर दिया गया। महापौर शैली ओबेरॉय ने पांच अक्टूबर तक के लिए चुनाव स्थगित कर दिया था, जबकि बाद में उपराज्यपाल वी.केँ. सक्सेना ने महापौर का फैसला पलट दिया था।

चुनाव को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, चुनाव शुक्रवार को होने की संभावना है।

पार्षदों की तलाशी को लेकर हुए व्यवधान के बाद एमसीडी स्थायी समिति का चुनाव स्थगित कर दिया गया और सदन की बैठक पांच अक्टूबर तक के लिए स्थगित कर दी गई।

अंतिम क्षण में हस्तक्षेप करते हुए सक्सेना ने देर रात स्थायी समिति की अंतिम रिक्त सीट के चुनाव स्थगित करने के फैसले को पलट दिया और एमसीडी आयुक्त अश्विनी कुमार को रात 10 बजे तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था।

सक्सेना ने निर्देश दिया कि अगर महापौर चुनाव कराने से इनकार करती हैं तो उप महापौर को चुनाव के लिए पीठासीन अधिकारी बनाया जाए और अगर उप महापौर भी चुनाव कराने से इंकार कर दें तो सदन के सबसे वरिष्ठ सदस्य चुनाव कराएंगे।

आदेश के बाद एमसीडी आयुक्त ने स्थायी समिति के छठे सदस्य के लिए चुनाव कराने का आदेश जारी किया।

हालांकि देर रा तक चुनाव को लेकर अनिश्चितता बनी रही और आखिरी समय में एमसीडी अधिकारियों ने फिर चुनाव स्थगित करने की घोषणा कर दी।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने एक बयान में कहा कि भाजपा ने एमसीडी आयुक्त से कानून और उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुसार चुनाव कराने को कहा है।

एमसीडी की एकमात्र स्थायी समिति की सीट के लिए चुनाव की कार्रवाई पार्षदों की तलाशी के मुद्दे पर हंगामे के बीच कुछ देर के लिए स्थगित कर दी गई। यह पता लगाने के लिए तलाशी कराई जा रही थी कि पार्षदों के पास मोबाइल फोन तो नहीं है।

महापौर शैली ओबेरॉय ने दावा किया कि यह पहली बार है जब पार्षदों की सुरक्षा जांच की गई है और उन्होंने इसे अलोकतांत्रिक तथा सदन के सदस्यों के लिए अपमानजनक बताया।

इससे पहले आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने बृहस्पतिवार को भाजपा पर नगर निगम की सदन की बैठक स्थगित होने के बावजूद देर रात स्थायी समिति सदस्य का चुनाव कराने का दबाव बनाकर एमसीडी में लोकतंत्र की ‘‘हत्या’’ करने का आरोप लगाया था।

भाषा यासिर वैभव

वैभव