शिमला, 19 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश खादी और ग्रामोद्योग बोर्ड की बिक्री वित्त वर्ष 2025-26 में सालाना आधार पर 39 प्रतिशत बढ़कर 54.84 करोड़ रुपये हो गई जबकि चालू वित्त वर्ष में बिक्री दोगुनी करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
बोर्ड के निदेशक मंडल की सालाना बैठक के बाद बताया गया कि वित्त वर्ष 2025-26 में विभिन्न खादी एवं अन्य उत्पादों की बिक्री 54.84 करोड़ रुपये रही जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में बिक्री 39.19 करोड़ रुपये रही थी।
बैठक की अध्यक्षता करने वाले उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बिक्री में वृद्धि के लिए बोर्ड की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को मानव संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करने और प्रशासनिक तथा कामकाजी दक्षता बढ़ाने के लिए कर्मचारियों की संख्या को वास्तविक जरूरत के अनुरूप रखने के निर्देश दिए।
चौहान ने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड ने अपनी संपत्तियों के बेहतर इस्तेमाल और अतिरिक्त राजस्व जुटाने के लिए कांगड़ा परिसर की खाली इमारतों और बिक्री केंद्रों तथा उदयपुर, होली और पूह के ऊन कताई केंद्रों को किराये पर देने की मंजूरी दी है।
इसके साथ ही बोर्ड ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 के लिए विपणन और व्यावसायिक गतिविधियों के तहत 112 करोड़ रुपये की बिक्री का लक्ष्य रखा है। इसमें से जुलाई, 2026 तक 19.71 करोड़ रुपये का लक्ष्य हासिल किया जा चुका है।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम