कोच्चि में कंपनी से निकाले गए कर्मचारियों को 10 जुलाई तक ऑफिस में प्रवेश की अनुमति: विधायक थॉमस

Ads

कोच्चि में कंपनी से निकाले गए कर्मचारियों को 10 जुलाई तक ऑफिस में प्रवेश की अनुमति: विधायक थॉमस

  •  
  • Publish Date - July 6, 2026 / 06:46 PM IST,
    Updated On - July 6, 2026 / 06:46 PM IST

कोच्चि, छह जुलाई (भाषा) केरल में त्रिक्काकरा से कांग्रेस विधायक उमा थॉमस ने सोमवार को बताया कि अमेरिका की एक हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी कंपनी से हाल ही में निकाले गए कर्मचारियों को 10 जुलाई तक कंपनी के कोच्चि कार्यालय में प्रवेश की अनुमति दी गई है। इसी दिन प्रबंधन के साथ अगले दौर की बातचीत भी होगी।

त्रिक्काकरा की कांग्रेस विधायक उमा थॉमस और केरल की श्रम आयुक्त सफना नजरुद्दीन ने 850 कर्मचारियों की छंटनी के बाद कंपनी के कानूनी सलाहकार के साथ बैठक की। ये कर्मचारी कंपनी के कोच्चि और कोझिकोड कार्यालयों में मेडिकल कोडिंग का काम करते थे।

उमा थॉमस ने बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में बताया कि कंपनी के कानूनी सलाहकार आमिर ने प्रबंधन की ओर से बैठक में हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने कंपनी से कर्मचारियों की छंटनी की प्रक्रिया फिलहाल रोकने का अनुरोध किया है। कर्मचारी मंगलवार से फिर कार्यालय आ सकते हैं।’’

सफना नज़रुद्दीन ने कहा कि कंपनी प्रबंधन का कोई प्रतिनिधि बैठक में शामिल नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई को होने वाली अगली बैठक में प्रबंधन के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा, ‘‘कंपनी सोमवार से ही कामकाज जारी रखेगी। कर्मचारियों को कार्यालय में रहने की अनुमति होगी और उनके लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार कंपनी का पूर्ण रूप से संचालन फिर से शुरू कराने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी। फिलहाल हम कोई कानूनी कार्रवाई शुरू नहीं कर रहे हैं और 10 जुलाई को होने वाली बैठक का इंतजार कर रहे हैं।’’

उमा थॉमस ने बताया कि कंपनी ने शुक्रवार को कर्मचारियों के बैंक खातों में मुआवजे की राशि पहले ही भेज दी थी।

उन्होंने कहा, ‘कंपनी ने हमें बताया कि मुआवजे का भुगतान नहीं रोका जा सका, क्योंकि उसके प्रतिनिधियों के कोच्चि पहुंचने से पहले ही बैंक को भुगतान के निर्देश दिए जा चुके थे। यह बात कितनी सही है, हम नहीं जानते। यह भी संभव है कि बैंक पहले ही उस अनुरोध पर कार्रवाई कर चुका हो।’

सफना नज़रुद्दीन ने बताया कि कंपनी ने श्रम विभाग को आश्वासन दिया है कि उसके प्रबंधन के प्रतिनिधि 10 जुलाई को होने वाली बैठक में शामिल होंगे।

भाषा तान्या सुरेश

सुरेश