कोलकाता, छह जुलाई (भाषा) इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) चैंपियन ईस्ट बंगाल ने 2026-27 सत्र के लिए स्पेन के एंटोनियो लोपेज हबास को मुख्य कोच नियुक्त करने की घोषणा की है।
यह नियुक्ति उस समय हुई है जब कोलकाता की यह दिग्गज टीम अपनी पहली आईएसएल लीग शील्ड का बचाव करने की तैयारी कर रही है और साथ ही अपने स्वामित्व ढांचे को लेकर अनिश्चितता का सामना भी कर रही है।
ईस्ट बंगाल 25 जुलाई को यहां डूरंड कप के पहले मैच में चिर प्रतिद्वंद्वी मोहन बागान का सामना करेगा। क्लब के सूत्रों के मुताबिक हबास मैच से पहले टीम की कमान संभाल लेंगे।
ईस्ट बंगाल ने क्लब प्रबंधन के जरिए हबास की नियुक्ति की घोषणा की। इससे संकेत मिलता है कि इमामी समूह के साथ उनकी साझेदारी खत्म हो गई है और अभी तक उसे आगे नहीं बढ़ाया गया है। इमामी ग्रुप के मार्गदर्शन में ही टीम ने पिछले सत्र में आईएसएल लीग शील्ड जीतकर राष्ट्रीय लीग में खिताब का 22 साल का इंतजार खत्म किया था।
हबास ऑस्कर ब्रूजोन की जगह लेंगे जिन्होंने ईस्ट बंगाल को उनकी पहली बड़ी लीग जीत दिलाई थी।
इस बीच मोहन बागान सुपर जाइंट ने यूनान के पनाजियोटिस डिलम्पेरिस को एक साल के करार पर मुख्य कोच बनाया ।
पानोस के नाम से मशहूर यह कोच पिछले सत्र में पंजाब एफसी के साथ थे ।
भाषा सुधीर मोना
मोना