आर डी बर्मन की ‘बायोपिक’ में महमूद का किरदार नहीं निभा रहे इमरान हाशमी
आर डी बर्मन की ‘बायोपिक’ में महमूद का किरदार नहीं निभा रहे इमरान हाशमी
नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) अभिनेता इमरान हाशमी ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर यह स्पष्ट किया है कि वह प्रसिद्ध संगीतकार आर डी बर्मन के जीवन पर आधारित फिल्म (बायोपिक) में दिग्गज अभिनेता महमूद की भूमिका नहीं निभा रहे हैं।
इससे पहले ऐसी खबरें आई थीं कि फिल्म में इस किरदार के लिए अभिनेता से संपर्क किया गया है। हाशमी ने सोमवार को अपने ‘एक्स’ हैंडल पर एक संदेश साझा करते हुए कहा कि न तो उनसे इस भूमिका के लिए कोई बातचीत की गई है और न ही वह यह अभिनय कर रहे हैं।
उन्होंने लिखा, ‘स्थिति स्पष्ट करने के लिए बता दूं कि एक बायोपिक में मेरे महमूद साहब का किरदार निभाने की खबरें पूरी तरह असत्य हैं। न तो मुझसे इस फिल्म के लिए संपर्क किया गया है और न ही मैं यह फिल्म कर रहा हूं।’
नीरज पांडे के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में फरहान अख्तर संगीतकार की मुख्य भूमिका में हैं। इस फिल्म का निर्माण निर्देशक नीरज पांडे के साथ फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की ‘एक्सेल एंटरटेनमेंट’ कंपनी मिलकर कर रही है।
इमरान हाशमी अपनी आगामी फिल्म ‘आवारापन 2’ में नज़र आएंगे जो 14 अगस्त को प्रदर्शित हो रही है। नितिन कक्कड़ द्वारा निर्देशित यह फिल्म साल 2007 की फिल्म ‘आवारापन’ की कहानी को आगे बढ़ाने वाला अगला भाग (सीक्वल) है। इसमें दिशा पाटनी भी मुख्य भूमिका में हैं और हाशमी एक बार फिर अपने पुराने किरदार ‘शिवम’ को निभाते दिखेंगे।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


