हत्या के मामले में छिपता फिर रहा पूर्व बीडीओ ‘न्यूटाउन’ में नशे में वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार

Ads

हत्या के मामले में छिपता फिर रहा पूर्व बीडीओ ‘न्यूटाउन’ में नशे में वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - May 26, 2026 / 02:20 PM IST,
    Updated On - May 26, 2026 / 02:20 PM IST

कोलकाता, 26 मई (भाषा) कोलकाता के निकट ‘न्यू टाउन’ में राजगंज के पूर्व खंड विकास अधिकारी प्रशांत बर्मन को कथित रूप से नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

बर्मन वर्ष 2025 में एक व्यापारी की हत्या में कथित संलिप्तता को लेकर कई महीनों से फरार था।

एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार देर रात इको पार्क थाने के जवानों ने उसे लापरवाही से और नशे में गाड़ी चलाने के आरोप में हिरासत में लिया। नशे में गाड़ी चलाने के कारण न्यू टाउन क्षेत्र में एक व्यक्ति घायल हो गया।

बर्मन को मंगलवार सुबह औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया और उसे दिन में बाद में बारासात अदालत के समक्ष पेश किया जा सकता है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘सत्यापन के दौरान उसकी पहचान प्रशांत बर्मन के रूप में हुई, जो सर्राफा कारोबारी की हत्याकांड में भी आरोपी है।’’

पुलिस ने बताया कि न्यू टाउन में व्यापारी की हत्या की जांच कर रहा बिधाननगर गुप्तचर विभाग पूछताछ के लिए बर्मन की हिरासत के लिए अनुरोध कर सकता है।

एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘गुप्तचर विभाग हत्या की जांच के सिलसिले में बर्मन से पूछताछ करना चाहता है। आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।’’

उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व खंड विकास अधिकारी पिछले कई महीनों से गिरफ्तारी से बचने की कोशिश कर रहा था।

इस साल जनवरी में पश्चिम बंगाल सरकार ने बर्मन को जलपाईगुड़ी जिले के राजगंज खंड विकास अधिकारी के पद से हटा दिया था। यह कदम उच्चतम न्यायालय के उस निर्देश के बाद उठाया गया था, जिसमें एक सर्राफा कारोबारी के अपहरण और हत्या के मामले में उसे आत्मसमर्पण करने को कहा गया था।

भाषा

खारी रंजन

रंजन