पश्चिम बंगाल: रंगदारी के मामले में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल: रंगदारी के मामले में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल: रंगदारी के मामले में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक गिरफ्तार
Modified Date: September 25, 2026 / 03:26 pm IST
Published Date: September 25, 2026 3:26 pm IST

कोलकाता, 25 सितंबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में रंगदारी के एक मामले में तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक अजीत मैती को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि पिंगला के विधायक रहे मैती को तड़के मदपुर स्टेशन के पास स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “इसके बाद उन्हें देबरा थाने ले जाया गया, जहां फिलहाल उन्हें रखा गया है।”

पुलिस ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता गोबिंदा दास ने 23 सितंबर को पिंगला थाने में मैती के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर यह गिरफ्तारी की गई।

दास ने आरोप लगाया कि 2016 में जब वह पिंगला-द्वितीय प्रखंड के जमना इलाके में तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष थे, तब मैती ने उन्हें पार्टी का प्रखंड अध्यक्ष बनाने का वादा कर उनसे 15 लाख रुपये लिए थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें पद नहीं दिया गया और जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो मैती ने उन्हें परेशान किया।

मैती फिलहाल पश्चिम मेदिनीपुर जिला परिषद के उपाध्यक्ष हैं और कई वर्षों तक तृणमूल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रह चुके हैं।

वह 2021 के विधानसभा चुनाव में पिंगला से निर्वाचित हुए थे। इस साल की शुरुआत में हुए विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने उन्हें फिर इसी सीट से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह भाजपा उम्मीदवार स्वागता मन्ना से 18,000 से अधिक मतों के अंतर से हार गए।

पार्टी में विभाजन के बीच मैती ममता बनर्जी के नेतृत्व वाले धड़े के साथ रहे, जिसने उन्हें घाटाल संगठनात्मक जिला समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया।

स्थानीय लोगों ने दावा किया कि मई में विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद से मैती इलाके में ज्यादा नजर नहीं आए थे।

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में