जलवायु परिवर्तन होने से हिमालय में अत्यधिक बारिश हो रही, मानवीय गतिविधियों से जोखिम बढ़ रहा: सरकार
जलवायु परिवर्तन होने से हिमालय में अत्यधिक बारिश हो रही, मानवीय गतिविधियों से जोखिम बढ़ रहा: सरकार
नयी दिल्ली, 11 अगस्त (भाषा) सरकार ने मंगलवार को लोकसभा को बताया कि जलवायु परिवर्तन के कारण हिमालयी क्षेत्र में अत्यधिक बारिश हो रही है, जबकि मानवीय गतिविधियों से जुड़े कारक आपदा के जोखिम को और बढ़ा रहे हैं।
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
उनसे यह प्रश्न पूछा गया था कि क्या जलवायु परिवर्तन और अवैज्ञानिक निर्माण गतिविधियां हिमाचल प्रदेश में बादल फटने की घटनाओं और अन्य आपदाओं के बढ़ने में भूमिका निभा रही हैं।
राय ने कहा कि बहु क्षेत्रीय केंद्रीय दल के एक अध्ययन के अनुसार, ‘‘इस इलाके में बढ़ते जोखिम के लिए मानवीय गतिविधियां भी जिम्मेदार हैं।’’
मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश में बादल फटने, अचानक बाढ़ आने, भूस्खलन और अत्यधिक बारिश की घटनाओं के बढ़ते मामलों और उनकी तीव्रता को देखते हुए इस दल का गठन किया था।
इस दल को राज्य में मौसम की चरम घटनाओं के बढ़ने के कारणों का वैज्ञानिक आकलन करने का काम सौंपा गया है। इसमें सर्वाधिक प्रभावित इलाकों की भौगोलिक और जमीनी स्थितियों का अध्ययन करना और अलग-अलग एजेंसियों से मिले डेटा की जांच करना शामिल है।
राय ने कहा कि यह ऐसी आपदाओं के असर को कम करने के लिए लंबे समय के उपाय भी सुझाएगा।
भाषा सुभाष अविनाश
अविनाश

Facebook


