तिरुवनंतपुरम, 30 अप्रैल (भाषा) केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव एम ए बेबी ने बृहस्पतिवार को एग्जिट पोल में व्यक्त किये गए अनुमानों को लेकर सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि वास्तविक चुनावी तस्वीर तभी सामने आएगी जब मतों की गिनती पूरी हो जाएगी।
केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को मतदान हुआ था जबकि परिणाम चार मई को आएंगे।
बेबी ने कुछ एग्जिट पोल में प्रतिद्वंद्वियों को बढ़त दिखाए जाने के बावजूद वाम दलों की जीत का भरोसा व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले चुनावों में एग्जिट पोल के रुझान गलत साबित हुए थे और उन्हें निर्णायक नहीं माना जाना चाहिए।
उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ से बातचीत में कहा, ‘‘मैं चार मई की दोपहर तक इंतजार करूंगा कि एग्जिट पोल वास्तविक परिणाम को दर्शाते हैं या नहीं। हमें इंतजार करना होगा और देखना होगा।’’
बेबी ने 2021 के केरल विधानसभा चुनावों को याद करते हुए कहा कि अधिकांश एग्जिट पोल ने उस समय भी माकपा नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चे (एलडीएफ) की मामूली अंतर से जीत की भविष्यवाणी की थी, लेकिन अंततः उसे 99 सीट मिली।
उन्होंने कहा कि इस विसंगति ने नमूना-आधारित सर्वेक्षणों की सीमाओं को उजागर किया और दावा किया कि केरल में यूडीएफ को कुछ अनुमानों में मामूली बढ़त मिलने के बावजूद वामपंथी दल अब भी मुकाबले में बने हुए हैं।
केरल में पार्टी के नेतृत्व के मुद्दों पर बेबी ने कहा कि माकपा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद ही भविष्य की भूमिकाओं पर निर्णय लेगी।
माकपा महासचिव ने तमिलनाडु का जिक्र करते हुए कहा कि एग्जिट पोल ने मौजूदा सत्तारूढ़ दल द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के नेतृत्व वाले गठबंधन के लिए बढ़त का संकेत दिया है और उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वामपंथ समर्थित गठबंधन मजबूत प्रदर्शन करेगा।
बेबी ने पश्चिम बंगाल के संदर्भ में चुनावी प्रक्रिया की आलोचना की और आरोप लगाया कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया ‘पूरी तरह से गैरकानूनी और संविधान विरोधी’ था।
प्रख्यात कलाकार नंदलाल बोस के पोते सुप्रबुद्धा सेन को मतदान का अधिकार प्राप्त करने में आई कथित कठिनाई का हवाला देते हुए, उन्होंने दावा किया कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया का गला घोंटा जा रहा है।
उन्होंने असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर ‘‘मतदाताओं को सांप्रदायिक आधार पर विभाजित करने का प्रयास’’ करने का भी आरोप लगाया।
भाषा धीरज संतोष
संतोष