पलक्कड़ (केरल), नौ मार्च (भाषा) कांग्रेस से निष्कासित विधायक राहुल ममकूटाथिल ने सोमवार को कहा कि वह आगामी चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इसका फैसला पार्टी करेगी।
ममकूटाथिल के खिलाफ यौन उत्पीड़न के तीन मामले दर्ज हैं और सभी में उन्हें जमानत मिल चुकी है। उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि निष्कासन के बावजूद वह पार्टी के प्रति निष्ठावान बने रहेंगे।
यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद कांग्रेस से निष्कासित किए गए ममकूटाथिल से पूछा गया कि क्या वह आगामी चुनाव में भाग लेंगे, तो उन्होंने कहा कि उन्होंने इस संबंध में कोई घोषणा नहीं की है।
उन्होंने कहा, “पार्टी ने मुझे चुनाव में उतारा था। अगर पार्टी मुझसे चुनाव लड़ने को कहती है, तो मैं लड़ूंगा। अगर पार्टी कहती है कि चुनाव न लड़ूं, तो मैं नहीं लड़ूंगा। भले ही मैं अब पार्टी के बाहर हूँ, लेकिन निर्णय पार्टी पर छोड़ देना चाहिए।”
ममकूटाथिल ने कहा कि वह 18 वर्षों से राजनीति में हैं और इस दौरान केवल डेढ़ वर्ष तक विधायक रहे। उन्होंने कहा, “मैं इस बात पर जोर नहीं देता कि सार्वजनिक जीवन में हर किसी को जनप्रतिनिधि बनना चाहिए। जनप्रतिनिधि बनना बड़ी बात है, खासकर पलक्कड़ जैसे निर्वाचन क्षेत्र में।”
ममकूटाथिल ने कहा कि भले ही वह पलक्कड़ के मूल निवासी नहीं हैं, लेकिन लोगों ने उन्हें रिकॉर्ड मतों से विधायक चुना।
पलक्कड़ में संभावित उम्मीदवार के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग ऐसे मामलों में सही निर्णय लेने की अच्छी समझ रखते हैं। उन्होंने कहा, “पलक्कड़ हमेशा ऐसे लोगों को चुनता है जो इसकी धर्मनिरपेक्ष विचारधारा को बनाए रखे। चुनौतीपूर्ण समय में भी पलक्कड़ ने सही निर्णय लिया है।”
कांग्रेस द्वारा अभिनेता रमेश पिशारोड़ी को उम्मीदवार बनाए जाने की खबरों के बारे में पूछे जाने पर ममकूटाथिल ने टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा, “ऐसा है क्या?”
ममकूटाथिल को महिलाओं से शादी का वादा करके यौन उत्पीड़न करने के तीन मामलों में जमानत मिली है।
भाषा
मनीषा माधव
माधव