चुनाव में हार की भविष्यवाणी करने में माहिर: भाजपा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा

Ads

चुनाव में हार की भविष्यवाणी करने में माहिर: भाजपा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा

  •  
  • Publish Date - April 23, 2026 / 06:54 PM IST,
    Updated On - April 23, 2026 / 06:54 PM IST

नयी दिल्ली, 23 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में बृहस्पतिवार को पहले चरण का मतदान शुरू होने के साथ ही भाजपा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसा और दावा किया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष “चुनावी हार की भविष्यवाणी करने के विशेषज्ञ” हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राहुल के उन बयानों का हवाला दिया, जिनमें उन्होंने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा था।

सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा, “राहुल गांधी चुनाव पूर्वानुमान लगाने में माहिर हैं, और हार की भविष्यवाणी करने में वे हमेशा सटीक होते हैं। यही कारण है कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी 90 से अधिक चुनाव हार चुकी है।”

भंडारी ने कहा कि गांधी की टिप्पणियां विपक्षी दलों के बीच भी बढ़ती इस धारणा को दर्शाती हैं कि बनर्जी ने सांप्रदायिकता और अराजकता को बढ़ावा दिया है, तथा पश्चिम बंगाल में राजनीतिक परिवर्तन होने की संभावना है।

भाजपा नेता ने कहा, “राहुल गांधी का कहना है कि ममताजी सांप्रदायिक हैं और ममता बनर्जी ने राज्य को सांप्रदायिकता और अराजकता की ओर धकेल दिया है। राहुल गांधी के अनुसार, ममता बनर्जी का सत्ता से बाहर होना निश्चित है।”

उन्होंने कहा, “राहुल गांधी द्वारा ममता बनर्जी पर किया गया हमला यह स्पष्ट करता है कि विपक्षी सहयोगी भी अब यह मानने लगे हैं कि बंगाल को बदलाव की जरूरत है और भाजपा सरकार आवश्यक है।”

भंडारी की ये टिप्पणी बुधवार को गांधी द्वारा दिए गए एक बयान के जवाब में आई है।

‘एक्स’ पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में गांधी ने कहा कि अगर बनर्जी ने “स्वच्छ सरकार” चलाई होती और पश्चिम बंगाल को ध्रुवीकृत नहीं किया होता, तो भाजपा को राज्य में राजनीतिक जमीन नहीं मिलती।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण से पहले मतदाताओं को संबोधित करते हुए गांधी ने लोगों से कांग्रेस का समर्थन करने और राज्य में उसकी सरकार बनाने का आग्रह किया।

लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, “अगर ममताजी ने स्वच्छ सरकार चलाई होती और बंगाल को ध्रुवीकृत नहीं किया होता, तो भाजपा को मौका नहीं मिलता।”

उन्होंने भाजपा पर भी हमला करते हुए कहा कि वह जानती है कि केवल कांग्रेस ही उसे रोक सकती है।

गांधी ने भाजपा पर हरियाणा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र जैसे राज्यों में “चुनावों में धांधली” करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, “यह चुनाव विचारधाराओं की लड़ाई है। भाजपा की विचारधारा और कांग्रेस की विचारधारा पूरे देश में आमने-सामने हैं।”

उन्होंने कहा, “भाजपा जानती है कि कांग्रेस उसे रोक सकती है। कांग्रेस का समर्थन करें और बंगाल में कांग्रेस की सरकार बनाएं।”

गांधी ने आगे आरोप लगाया कि भाजपा पश्चिम बंगाल की संस्कृति, इतिहास और भाषा के खिलाफ काम कर रही है, और “एक राष्ट्र, एक भाषा, एक धर्म” के नारे की आलोचना की।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बृहस्पतिवार को 294 में से 152 सीटों पर मतदान हुआ।

मतदान का दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना चार मई को होगी।

भाषा प्रशांत पवनेश

पवनेश