अमृतसर और जालंधर में हुए विस्फोट ‘मामूली’, भाजपा भय का माहौल बना रही : मान

अमृतसर और जालंधर में हुए विस्फोट ‘मामूली’, भाजपा भय का माहौल बना रही : मान

अमृतसर और जालंधर में हुए विस्फोट ‘मामूली’, भाजपा भय का माहौल बना रही : मान
Modified Date: May 6, 2026 / 02:36 pm IST
Published Date: May 6, 2026 2:36 pm IST

चंडीगढ़, छह मई (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर और जालंधर में हुए दो विस्फोटों को “मामूली” करार दिया और भाजपा पर लोगों में डर का माहौल बनाने का आरोप लगाते हुए बुधवार को कहा कि यह पार्टी की राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों की ‘तैयारी’ का हिस्सा है।

मंगलवार रात दो विस्फोट हुए थे, जिनमें से एक धमाका जालंधर में सीमा सुरक्षा बल के पंजाब फ्रंटियर मुख्यालय के बाहर रात करीब आठ बजे और दूसरा अमृतसर के खासा स्थित सेना छावनी क्षेत्र के पास रात करीब 11 बजे हुआ।

मान ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा लोगों में भय का वातावरण पैदा करना चाहती है ताकि उन्हें डराकर वोट हासिल किए जा सकें।

उन्होंने कहा, “भाजपा एक सांप्रदायिक पार्टी है। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव समाप्त हो चुके हैं और उन्होंने (भाजपा ने) कहा है कि अब पंजाब की बारी है, जो यह संकेत देता है कि ये मामूली विस्फोट पंजाब विधानसभा चुनावों की उनकी तैयारी का हिस्सा हैं।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले की जांच जारी है।

मान ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा हमेशा हिंसा भड़काकर और जनता को डराकर वोट हासिल करने की कोशिश करती है।

उन्होंने आनंदपुर साहिब में संवाददाताओं से कहा, “मैं भाजपा से ऐसी हरकतें बंद करने का आग्रह करता हूं। पंजाब एक शांतिप्रिय राज्य है। हम ऐसे लोग हैं जो हमेशा विश्व के कल्याण की कामना करते हैं।”

मान ने दावा किया कि जिन राज्यों में भाजपा चुनाव लड़ती है, वहां वह अशांति फैलाने की कोशिश करती है।

हाल में लागू हुए बेअदबी रोधी कानून का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह कानून समुदायों के बीच टकराव भड़काने की भाजपा की कोशिशों को विफल करता है।

उन्होंने कहा, “इस कानून के लागू होने के बाद कोई भी उनके इशारे पर बेअदबी जैसी घटनाओं में शामिल नहीं होगा।’’

उन्होंने दावा किया कि यह कानून भाजपा के एजेंडे के विपरीत है।

मान ने भाजपा की कार्यशैली पर चिंता जताते हुए कहा, “भाजपा कहती है कि वह पंजाब के लिए तैयार है। क्या वे इन मामूली विस्फोटों के जरिए लोगों को डराकर वोट हासिल करना चाहते हैं? पंजाब पहले भी कठिन दौर देख चुका है।”

उन्होंने आरोप लगाया, “यह भाजपा की कार्यप्रणाली है। इसमें, हर राज्य में जहां वह चुनाव लड़ती है, वहां दंगे भड़काना, मामूली विस्फोट कराना और धर्म व जाति के आधार पर लोगों को बांटना शामिल है। यह पंजाब के लिए उनकी तैयारी को दर्शाता है।”

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भी देश किसी संकट का सामना करता है, पंजाब महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है और राज्य में हर हाल में शांति तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखी जाएगी।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों से जुड़े एक सवाल पर मान ने कहा कि ममता बनर्जी ने जनादेश की ‘लूट’ को लेकर शिकायत की है।

उन्होंने कहा, “निर्वाचन आयोग पर भी आरोप लग रहे हैं। उसे अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वह पक्षपातपूर्ण न हो।”

भाषा मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में