विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने जापानी समकक्ष मोटेगी से बातचीत की
विदेश मंत्री जयशंकर ने अपने जापानी समकक्ष मोटेगी से बातचीत की
नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उनके जापानी समकक्ष मोटेगी तोशिमित्सु ने सोमवार को ऊर्जा आपूर्ति शृंखलाओं में व्यवधान के मद्देनजर पश्चिम एशिया संकट के आर्थिक प्रभावों पर केंद्रित व्यापक वार्ता की।
मोटेगी क्वाड देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए नयी दिल्ली में हैं।
जयशंकर ने बैठक में अपने शुरुआती संबोधन में कहा, “भारत और जापान के बीच एक विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी है और यह इस बात का संकेत है कि हमारे संबंधों का व्यापक महत्व, व्यापक प्रभाव और व्यापक निहितार्थ है।”
विदेश मंत्री ने मंगलवार को होने वाली क्वाड बैठक का भी जिक्र किया और कहा कि इसमें एक स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की जाएगी।
वार्ता में दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय सहयोग, वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों, विशेष रूप से पश्चिम एशिया संकट और ऊर्जा आपूर्ति शृंखलाओं पर इसके प्रभाव पर विचार-विमर्श किया।
जयशंकर ने सुझाव दिया कि भारत और जापान दोनों ही इस संघर्ष से प्रभावित हैं क्योंकि दोनों ही ऊर्जा आयात और व्यापार करने वाले देश हैं और उनके समुद्री हित भी हैं।
दोनों पक्षों ने आर्थिक सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया, जिन्हें जयशंकर ने “बहुत महत्वपूर्ण” बताया।
नयी दिल्ली में होने वाली क्वाड बैठक में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री पेनी वोंग और मोटेगी शामिल होंगे, जिसकी अध्यक्षता जयशंकर करेंगे।
भारत गठबंधन के वर्तमान अध्यक्ष के रूप में इस बैठक की मेजबानी कर रहा है।
भाषा प्रशांत माधव
माधव

Facebook


