नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को दिल्ली स्थित विभिन्न देशों के राजनयिक मिशन के कई सदस्यों ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ योग सत्र में भाग लिया।
इस अवसर पर ऑस्ट्रेलियाई उच्चायोग और फ्रांस के दूतावास ने भी विशेष वीडियो जारी किए।
इस वर्ष 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस ‘बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग’ विषय के साथ मनाया जा रहा है, जो सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए योग के महत्व पर बल देता है।
जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘नयी दिल्ली में राजनयिक समुदाय के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया। जैसा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रेखांकित किया है, हमें योग को अपने जीवन, अपने परिवार और आने वाली पीढ़ियों का हिस्सा बनाने का प्रयास करना चाहिए। ‘बढ़ती उम्र में योग से रहें निरोग’।’’
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशवासियों का नेतृत्व करते हुए कोलकाता की सड़कों पर आयोजित एक विशाल योग सत्र में भाग लिया।
ऑस्ट्रेलिया के उच्चायोग द्वारा जारी वीडियो को वहां के राजदूत फिलिप ग्रीन ने रविवार को ‘एक्स’ पर साझा किया।
ग्रीन ने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘नयी दिल्ली से चेन्नई और मुंबई से कोलकाता एवं बेंगलुरु तक भारत में ऑस्ट्रेलियाई टीम एक साथ आगे बढ़ रही है। भारत में हमारी टीमों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर एकजुट होते हुए देखें। योग वास्तव में सीमाओं और संस्कृतियों से परे हम सभी को जोड़ता है।’’
फ्रांस के दूतावास ने भी एक आकर्षक वीडियो जारी किया, जिसमें दूतावास परिसर के एक सभागार में उसके सदस्य योग सत्र में भाग लेते दिखाई दिए। वीडियो में पृष्ठभूमि में एफिल टॉवर का एक प्रतिरूप भी नजर आया।
फ्रांसीसी दूतावास ने अपने एक पोस्ट में कहा, ‘‘समय-सीमाएं, बैठकें और अनगिनत ई-मेल… और फिर सांस लेने का एक पल। इस अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर दूतावास के सहयोगियों ने तनाव से योग की ओर कदम बढ़ाते हुए संतुलन को अपनाया। योग मैट और टी-शर्ट ने सभागार में फ्रांस के राष्ट्रीय ध्वज के रंगों की छटा बिखेरी।’’
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश