राजस्थान: प्रॉपर्टी कारोबारी के परिवार को बंधक बनाकर जेवरात और नकदी लूटी, बदमाश फरार

Ads

राजस्थान: प्रॉपर्टी कारोबारी के परिवार को बंधक बनाकर जेवरात और नकदी लूटी, बदमाश फरार

  •  
  • Publish Date - June 21, 2026 / 05:44 PM IST,
    Updated On - June 21, 2026 / 05:44 PM IST

जयपुर, 21 जून (भाषा) राजस्थान के झुंझुनूं जिले में शनिवार देर रात छह-सात बदमाशों ने प्रॉपर्टी कारोबारी के परिवार के सदस्यों को पिस्तौल के बल पर बंधक बनाकर करीब 85 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और डेढ़ से दो लाख रुपये नकद लूट लिये। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित पीपली चौक में हुई इस वारदात में शामिल बदमाश जाते समय घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (डीवीआर) भी अपने साथ ले गए।

पुलिस के मुताबिक, बदमाश करीब 50 से 60 तोला सोने के आभूषण, सवा से डेढ़ किलोग्राम चांदी के गहने और नकदी लेकर फरार हुए।

कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार ने बताया कि बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के हाथ-पैर बांध दिए और महिलाओं को अलग-अलग कमरों में बंद कर उनके आभूषण उतरवा लिए।

उन्होंने बताया कि बदमाश करीब एक घंटे तक घर में रहे।

थानाधिकारी ने बताया कि वारदात के तरीके से आशंका है कि बदमाशों को घर और परिवार के कारोबार की पहले से जानकारी थी।

पीड़ित परिवार के मुखिया अकबर अली शेरवानी (77) ने बताया कि शनिवार रात करीब सवा एक बजे छह-सात हथियारबंद नकाबपोश उनके घर में घुस आए।

शेरवानी ने बताया कि घर में प्रवेश करते ही बदमाशों ने उनके बेटे शब्बीर सैय्यद के बारे में पूछा और सीधे उसके कमरे तक पहुंच गए।

उन्होंने बताया कि बदमाशों ने शब्बीर पर पिस्तौल तान दी और परिवार के सभी सदस्यों को एक स्थान पर बैठा दिया तथा इसके बाद अलमारियों की चाबियां लेकर पूरे घर की तलाशी शुरू कर दी।

अकबर अली ने बताया कि बदमाशों ने एक बच्ची के कानों के झुमके तक नहीं छोड़े।

थानाधिकारी ने बताया कि पीड़ित परिवार का कहना है कि बदमाशों की बोली उत्तर प्रदेश क्षेत्र की लग रही थी।

उन्होंने बताया कि एक बदमाश लंगड़ाकर चल रहा था और बातचीत के दौरान कुछ बदमाशों ने उत्तर प्रदेश से जुड़े लोगों का भी उल्लेख किया।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि बदमाशों के पास देसी कट्टे और चाकू भी थे।

थानाधिकारी ने बताया कि फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और तकनीकी व साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

भाषा बाकोलिया जितेंद्र

जितेंद्र