नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) भारतीय जिम्नास्ट हर्षित दामोदरन और अक्षत बजाज ने चीन के झुनयी में रविवार को आयोजित एशियाई कलात्मक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप के अंतर्गत जूनियर पुरुष वॉल्ट स्पर्धा में क्रमश: स्वर्ण और रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया।
हर्षित ने 13.649 अंक प्राप्त कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, जबकि अक्षत बजाज 13.433 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहे।
भारतीय पुरुष कलात्मक जिम्नास्टिक टीम के कोच राकेश पात्रा ने कहा, ‘‘यह लड़कों की शानदार उपलब्धि है। उन्होंने भुवनेश्वर में एक महीने पहले आयोजित राष्ट्रीय शिविर में कड़ी मेहनत की थी। मैं उन्हें तैयारी के तहत लंदन भी लेकर गया था। वे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और हमें उम्मीद है कि 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों में भारत पदक जीतेगा।’’
दोनों खिलाड़ी उस भारतीय जूनियर पुरुष कलात्मक जिम्नास्टिक टीम का हिस्सा थे, जिसने शुक्रवार को टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।
अब नजरें महिलाओं की प्रतियोगिता पर होगी जो 25 से 28 जून तक झुनयी में ही आयोजित की जाएगी।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता