फरीदाबाद में पति ने अलग रह रही पत्नी की गोली मारकर हत्या की
फरीदाबाद में पति ने अलग रह रही पत्नी की गोली मारकर हत्या की
फरीदाबाद, 21 फरवरी (भाषा) फरीदाबाद में शुक्रवार रात को एक व्यक्ति ने अलग रह रही अपनी पत्नी की उसके घर के बाहर कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि दंपति का तलाक का मामला अदालत में लंबित था। संगीता देवी (30) और उनके दो बच्चे पिछले कुछ समय से अपने पति और ससुराल वालों से अलग रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना बसंतपुर गांव की सनलाइट कॉलोनी में रात करीब आठ बजे हुई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि संगीता के पति और ससुराल पक्ष के कुछ लोग उसके घर पहुंचे लेकिन उस वक्त वह बाहर गई हुई थी। जब वह वहां नहीं मिली तो वे लोग लौटने लगे लेकिन तभी उन्होंने संगीता को सड़क पर आते देखा और उसे रोक लिया।
पुलिस के अनुसार, इसके बाद दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई बहस बढ़ गई। इस दौरान जब संगीता ने अपना बचाव करने की कोशिश की और पीछे हटी तभी उसके पति ने उस पर तीन गोलियां चला दीं, जिससे वह घायल होकर सड़़क पर गिर पड़ी। गोली चलने की आवाज सुनकर पड़ोसी अपने घरों से बाहर निकल आए जिससे आरोपी मौके से फरार हो गया।
संगीता के पिता भी मौके पर पहुंचे और पड़ोसियों की मदद से उसे सेक्टर 31 के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसं मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह भेज दिया है।
पल्ला थाना प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश ने कहा, ‘हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और बिहार निवासी आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए टीम गठित की गई हैं। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच तलाक का विवाद सामने आया है। मामले की जांच जारी है।’
भाषा प्रचेता शोभना
शोभना

Facebook


