बिजली की कमी को लेकर पंजाब भर में किसानों का प्रदर्शन

बिजली की कमी को लेकर पंजाब भर में किसानों का प्रदर्शन

बिजली की कमी को लेकर पंजाब भर में किसानों का प्रदर्शन
Modified Date: June 30, 2026 / 07:44 pm IST
Published Date: June 30, 2026 7:44 pm IST

होशियारपुर, 30 जून (भाषा) पंजाब में कई जगहों पर बिजली कटौती के खिलाफ मंगलवार को किसानों ने किसान मजदूर मोर्चा (केएमएम) सहित विभिन्न संगठनों के बैनर तले प्रदर्शन किया। किसानों का दावा है कि बिजली कटौती से महत्वपूर्ण बुवाई सीजन में काम प्रभावित हो रहा है।

ये प्रदर्शन किसान मजदूर मोर्चा के आह्वान पर किए गए, जिसके तहत बिजली आपूर्ति कंपनी ‘पंजाब राज्य पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड’ (पॉवरकॉम) के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन आयोजित किए गए।

होशियारपुर में भारती किसान यूनियन (दोआबा) के कार्यकर्ताओं ने अपने प्रदेश अध्यक्ष मंजीत सिंह राय के नेतृत्व में यहां मॉडल टाउन स्थित पॉवरकॉम के अधिशासी अभियंता के कार्यालय के बाहर दो घंटे तक धरना दिया।

प्रदर्शनकारियों ने अपनी मांगों को लेकर अधिशासी अभियंता को एक ज्ञापन सौंपा और पंजाब सरकार तथा पॉवरकॉम विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन में शामिल होने वालों में कीर्ति किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष जगतार सिंह भिंडर, किसान मजदूर संघर्ष कमेटी (पिड्डी गुट) के जिला अध्यक्ष परमजीत सिंह भुल्ला, गुरदीप सिंह खुनखुन आदि शामिल थे।

पॉवरकॉम होशियारपुर के अधिशासी अभियंता हरमिंदर सिंह ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि उन्हें पर्याप्त बिजली मुहैया कराई जाएगी। इस आश्वासन के बाद, प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो गया।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में