श्रीनगर, सात मार्च (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने अमेरिका द्वारा भारतीय रिफाइनरियों को रूस से तेल खरीदने की छूट को लेकर शनिवार को केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि देश को अपने फैसले खुद लेने चाहिए न कि किसी और को उसके लिए फैसला करने का अधिकार है।
अब्दुल्ला ने यहां पत्रकारों से कहा, “हम किसी पर निर्भर नहीं हैं। दुख की बात यह है कि मुझे नहीं पता कि वे (अमेरिका) हमें क्यों निर्भर बना रहे हैं। यह इस देश की स्वतंत्रता का सवाल है।”
उन्होंने कहा कि देश को खुद तय करना है कि उसके लिए क्या अच्छा है और किसी अन्य को उसका भविष्य तय करने का अधिकार नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, “यह एक त्रासदी है। हमने पहले भी (प्रधानमंत्री) मनमोहन सिंह के कार्यकाल के दौरान ऐसा देखा था। अमेरिका चाहता था कि भारत उसके पक्ष में मतदान करे और उन्होंने कहा था कि अगर आप ऐसा नहीं करते हैं, तो परमाणु समझौता खतरे में पड़ जाएगा।”
उन्होंने कहा, “आप जानते हैं सिंह ने क्या कहा था? उन्होंने कहा था कि यह भारत का निर्णय है और भारत अपना निर्णय स्वयं लेगा, हम वही करेंगे जो देश के हित में होगा।”
भारत ने शनिवार को रूस से तेल का आयात जारी रखने की पुष्टि की।
अमेरिका ने यह छूट पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण दी है।
भाषा जितेंद्र पवनेश
पवनेश