फारूक ने पीओजेके के हालात पर केंद्र की ‘चुप्पी’ पर सवाल उठाए

Ads

फारूक ने पीओजेके के हालात पर केंद्र की ‘चुप्पी’ पर सवाल उठाए

  •  
  • Publish Date - July 29, 2026 / 03:48 PM IST,
    Updated On - July 29, 2026 / 03:48 PM IST

श्रीनगर, 29 जुलाई (भाषा) नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बुधवार को पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) के हालात पर केंद्र सरकार की ‘‘चुप्पी’’ पर सवाल उठाए।

अब्दुल्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर को यह मुद्दा उठाना चाहिए।

केंद्र पर निशाना साधते हुए अब्दुल्ला ने कहा, ‘‘वे अक्सर कहते हैं कि यह (पीओजेके) हमारा हिस्सा है, तो अगर यह आपका हिस्सा है, तो आप इस पर बात क्यों नहीं करते?’’

अब्दुल्ला ने यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने इस बारे में कई बार बात की है। मैंने अपील की है कि संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद को वहां जाकर देखना चाहिए कि वहां के लोगों को किन मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें इन मुश्किलों को दूर करने की कोशिश करनी चाहिए।’’

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्होंने केंद्र की ओर से पीओजेके में हिंसा खत्म करने की मांग वाला कोई बयान नहीं सुना है। उन्होंने कहा, ‘‘वे यह क्यों नहीं कहते कि वहां जो कुछ भी हो रहा है, वह बंद होना चाहिए? मैंने ऐसा कहीं नहीं सुना। मैंने इस पर उनकी तरफ से कोई बयान नहीं सुना है।’’

मंगलवार को, पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में तथाकथित विधानसभा चुनावों के पहले चरण के दौरान सुरक्षा बलों के साथ झड़प में ‘जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी’ के कम से कम 14 कार्यकर्ता मारे गए और दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए।

भारत ने इन चुनावों को पाकिस्तान की ओर से अपने अवैध कब्जे को छिपाने और इस इलाके में मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन पर पर्दा डालने की कोशिश बताया है।

भाषा शफीक पवनेश

पवनेश