दूसरी बेटी के जन्म से ‘नाखुश’ पिता ने नवजात बच्ची की हत्या की, गिरफ्तार
दूसरी बेटी के जन्म से ‘नाखुश’ पिता ने नवजात बच्ची की हत्या की, गिरफ्तार
चिकबलपुर (कर्नाटक), 24 जुलाई (भाषा) कर्नाटक के चिकबलपुर जिले में एक नवजात बच्ची की हत्या के आरोप में उसके पिता को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दूसरी बेटी के जन्म से नाखुश आरोपी ने 13 दिन की अपनी बच्ची को घर में बने पानी के टैंक में फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि शांतिनगर निवासी आरोपी इमरान को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ उसकी पत्नी मुस्कान की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मुस्कान ने 13 दिन पहले एक बच्ची को जन्म दिया था। दंपति की पहले से चार वर्ष की एक बेटी है।
पुलिस ने बताया कि इमरान दूसरी बेटी के जन्म से कथित तौर पर खुश नहीं था और परिवार के अन्य सदस्य जब बुधवार रात सो रहे थे, तब उसने नवजात बच्ची को घर में बने पानी के टैंक में कथित रूप से फेंक दिया।
जब मुस्कान ने देखा कि बच्ची उसके पास नहीं है तो परिवार के सदस्यों ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस के अनुसार, इमरान भी उनके साथ बच्ची की तलाश कर रहा था और बाद में उसने दावा किया कि बच्ची पानी के टैंक में मिली है।
बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जिला अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस ने परिवार के सदस्यों से पूछताछ की। शुरुआत में परिवार ने इसे दुर्घटनावश पानी में डूबने का मामला बताया।
पुलिस ने बताया कि हालांकि, जांच के दौरान इमरान ने अपना अपराध कथित तौर पर स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा गोला सिम्मी
सिम्मी

Facebook


