दुधवा बफर जोन में तेंदुए के हमले में आठ वर्षीय बच्चे की मौत
दुधवा बफर जोन में तेंदुए के हमले में आठ वर्षीय बच्चे की मौत
लखीमपुर खीरी (उप्र), 24 जुलाई (भाषा) लखीमपुर खीरी जिले के दुधवा बफर जोन क्षेत्र में तेंदुए के हमले में आठ साल के एक लड़के की मौत हो गई। वन अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
दुधवा बफर जोन के उप-प्रभागीय अधिकारी (एसडीओ) मनोज तिवारी ने बताया कि मृतक की पहचान गोलू के रूप में हुई है, जो पढुआ थाना क्षेत्र के बाबापुरवा गांव का निवासी था। वह बृहस्पतिवार शाम खेतों के पास मवेशी चराने गया था, तभी गन्ने के खेत में छिपे तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया।
ग्रामीणों के अनुसार, तेंदुआ लड़के को घसीटकर गन्ने के खेत में ले गया। आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों ने मौके पर पहुंचकर तेंदुए को भगाया लेकिन तब तक बच्चे की मौत हो चुकी थी।
तिवारी ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि बेलरायां रेंज के वन कर्मियों को तुरंत मौके पर भेजा गया और जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और तेंदुए की आवाजाही के मद्देनजर ग्रामीणों को अकेले खेतों में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
इस घटना से एक दिन पहले, बुधवार को धौरहरा वन रेंज के प्रेमनगर गांव में 45 वर्षीय महिला राजकुमारी की तेंदुए के हमले में मौत हो गई थी। वह अपने मवेशियों के लिए चारा लेने गई थीं, तभी तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया था।
भाषा सं जफर सिम्मी
सिम्मी

Facebook


