पिता को राजग का समर्थन, पुत्र सपा प्रत्याशी: पार्टियों से परे नाथवानी परिवार का राजनीतिक सफर
पिता को राजग का समर्थन, पुत्र सपा प्रत्याशी: पार्टियों से परे नाथवानी परिवार का राजनीतिक सफर
नयी दिल्ली/लखनऊ, 30 सितंबर (भाषा) राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने जून में रिलायंस इंडस्ट्रीज के वरिष्ठ अधिकारी परिमल नाथवानी को राज्यसभा भेजने में मदद की थी, जबकि बुधवार को समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश से उनके पुत्र धनराज को टिकट दिया और इस ताजा राजनीतिक घटनाक्रम के साथ नाथवानी परिवार का संसदीय सफर अलग-अलग राज्यों और प्रतिद्वंद्वी खेमों तक विस्तारित हो गया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज में समूह अध्यक्ष और गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धनराज नाथवानी को सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव के साथ राज्यसभा के लिए लिए पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया।
धनराज ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में लखनऊ में अपना नामांकन दाखिल किया।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के लिए समाजवादी पार्टी का उम्मीदवार बनाए जाने पर मैं माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव जी का दिल से आभार और धन्यवाद व्यक्त करता हूं। आज लखनऊ में माननीय अखिलेश यादव जी की मौजूदगी में मैंने राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया, जो मेरे सार्वजनिक जीवन में एक नये अध्याय की शुरुआत है।’’
धनराज रिलायंस की जामनगर विनिर्माण प्रभाग की देखरेख भी करते हैं और गुजरात में ‘जियो’ के कारोबार की देखरेख करते हैं। वह द्वारकाधीश मंदिर प्रशासनिक समिति के उपाध्यक्ष हैं और नाथद्वारा मंदिर बोर्ड तथा गुजरात राज्य वन्यजीव बोर्ड के सदस्य भी हैं।
एक ओर जहां रिलायंस इंडस्ट्रीज के कॉरपोरेट मामलों के निदेशक परिमल नाथवानी ने भाजपा नीत राजग के समर्थन से लगातार चौथी बार राज्यसभा का कार्यकाल हासिल किया, वहीं उनके पुत्र धनराज सपा के टिकट पर संसद के उच्च सदन में जाने की कोशिश कर रहे हैं।
सपा द्वारा धनराज (40) को टिकट दिये जाने से जुड़े फैसले के बारे में पूछे जाने पर पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, ‘हमने आपको चौंका दिया, है न? ऐसे और भी चौंकाने वाले फैसलों के लिए तैयार रहिए।’
परिमल 2008 में झारखंड से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पहली बार राज्यसभा पहुंचे थे। उन्हें 2014 में भाजपा और ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के समर्थन से दूसरा कार्यकाल मिला था। वर्ष 2020 में, तीसरे कार्यकाल के लिए आंध्र प्रदेश से राज्यसभा पहुंचे थे। राज्य में उस वक्त सत्तारूढ़ वाईएसआर कांग्रेस पार्टी ने उन्हें उच्च सदन भेजा था।
छह साल बाद, परिमल राजग-समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर झारखंड लौटे, जहां से वह एक बार फिर उच्च सदन के लिए चुने गए।
नाथवानी परिवार का गुजरात में क्रिकेट प्रशासन से भी गहरा नाता है। धनराज को नवंबर 2022 में अमित शाह की जगह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन का अध्यक्ष चुना गया था।
परिमल इसके उपाध्यक्ष रहे हैं। वह अहमदाबाद में नरेन्द्र मोदी स्टेडियम के निर्माण और विकास से जुड़े रहे हैं। वहीं धनराज, पंडित दीनदयाल एनर्जी यूनिवर्सिटी के संचालन मंडल के सदस्य भी हैं और गुजरात एनर्जी रिसर्च एंड मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट से जुड़े हुए हैं।
भाषा
अभिनव मनीष जफर सुभाष
सुभाष

Facebook


